डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर : झारखंड विधानसभा की सामान्य प्रयोजन समिति ने जमशेदपुर के परिसदन सभागार में विभिन्न सरकारी विभागों के क्रियान्वित कार्यों और योजनाओं की व्यापक समीक्षा की। कोडरमा विधायक सह समिति की सभापति डॉ. नीरा यादव की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में विधायक रौशन लाल चौधरी और सुरेश बैठा भी शामिल हुए। समिति ने अधिकारियों को लापरवाही न बरतने की हिदायत देते हुए तय समय सीमा के भीतर काम पूरा करने का निर्देश दिया।
स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था पर खास जोर
समीक्षा बैठक के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त करने पर विशेष बल दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग: जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए जीवनरक्षक दवाओं के साथ-साथ एंटीवेनम की उपलब्धता अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए।
शिक्षा विभाग: विद्यालयों में शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति (डेपुटेशन) का ब्योरा तलब किया गया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए छात्रों की सहभागिता से स्कूल परिसरों में फलदार पौधे लगाने का निर्देश दिया गया।
कल्याण विभाग: छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल वितरण कार्य को जल्द से जल्द 100% पूरा करने के निर्देश दिए गए।
राजस्व संग्रहण और विकास योजनाओं की तय हुई डेडलाइन
समिति ने राजस्व, उत्पाद, खनन, वाणिज्यकर और परिवहन विभागों के अधिकारियों से लक्ष्य के मुकाबले अब तक हुई राजस्व प्राप्ति का ब्योरा लिया।
राजस्व वसूली: सभी संबंधित विभागों को निर्धारित समय के भीतर शत-प्रतिशत राजस्व संग्रहण का लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए गए।
आपदा प्रबंधन: लंबित मामलों और मुआवजे के भुगतान की फाइलों का तुरंत निष्पादन करने को कहा गया।
पर्यावरण संरक्षण: वन व जलवायु परिवर्तन विभाग को बड़े पैमाने पर पौधरोपण अभियान चलाने का निर्देश मिला।
बैठक के अंत में समिति की सभापति डॉ. नीरा यादव ने सभी विभागीय अधिकारियों को अपनी-अपनी योजनाओं और चल रहे विकास कार्यों की अपडेटेड रिपोर्ट समय पर जमा करने की ताकीद की।

