बिहार के मुजफ्फरपुर में मुर्गी दाना कारोबारी चंदन कुमार के अपहरण का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए महज 8 घंटे में उन्हें सकुशल बरामद कर लिया। बदमाशों ने वीडियो कॉल के जरिए परिजनों से 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। इस मामले में मुजफ्फरपुर पुलिस और उत्तर प्रदेश पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में चार अपहर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार 19 अगस्त को मिठनपुरा थाना क्षेत्र निवासी श्वेता कुमारी ने पुलिस को सूचना दी कि अज्ञात अपराधियों ने उनके पति चंदन कुमार का अपहरण कर लिया है और 10 लाख रुपये की फिरौती मांग रहे हैं। बदमाश कारोबारी को उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में ले गए थे, जहां उन्हें एक सुनसान और खंडहरनुमा मकान में बंधक बनाकर रखा गया था। अपराधियों ने वीडियो कॉल के जरिए परिजनों को चंदन के साथ मारपीट का दृश्य दिखाया और फिरौती नहीं देने पर हत्या करने की धमकी दी।
मामले की सूचना मिलते ही मिठनपुरा थाना में कांड संख्या 233/26 दर्ज किया गया। वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर कारोबारी की लोकेशन ट्रेस की, जो उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के हल्दी थाना क्षेत्र में मिली। इसके बाद मुजफ्फरपुर और यूपी पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर चंदन कुमार को सकुशल बरामद कर लिया। मौके से चार अपहर्ताओं को गिरफ्तार करने के साथ एक वाहन और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सारण निवासी सूरज कुमार उर्फ सूरज भान सिंह, रौशन कुमार, कानपुर निवासी गौरव सिंह और समस्तीपुर निवासी अभिषेक कुमार के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने फिरौती के लिए अपहरण की साजिश रचने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब गिरोह के पूरे नेटवर्क और साजिश में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

