डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: गोविंदपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। राहरगोड़ा (परसुडीह) निवासी विजय टोप्पो ने अपनी प्रेमिका से हुए विवाद के बाद गुस्से में आकर धारदार चाकू से अपना गला रेत लिया। खून से लथपथ विजय को गंभीर हालत में एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
9 साल पुराना प्रेम संबंध
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक घायल युवक विजय टोप्पो राहरगोड़ा, परसुडीह निवासी पहले से शादीशुदा था और पहली पत्नी से तलाक हो चुका है। उसके बच्चे भी हैं। विजय का पिछले नौ वर्षों से एक युवती के साथ अफेयर चल रहा था।
विवाद के बाद खौफनाक कदम
शुक्रवार की सुबह गोविंदपुर इलाके में विजय और उसकी प्रेमिका के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि विजय ने गुस्से और आवेश में आकर पास में रखा धारदार चाकू उठाया और अपने ही गले पर चला दिया। गले से तेज खून बहता देख आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस की कार्रवाई और इलाज
घटना की जानकारी मिलते ही गोविंदपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। खून से लथपथ विजय को उठाकर सबसे पहले सदर अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए तुरंत जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया।
फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से तफ्तीश कर रही है और विवाद की मुख्य वजह जानने के लिए युवती और आसपास के लोगों से पूछताछ जारी है।

