रांची में CBI की ताबड़तोड़ कार्रवाई: रीजनल पे एंड अकाउंट्स ऑफिस के 3 सीनियर अफसर रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन काम करने वाले रीजनल पे एंड अकाउंट्स ऑफिस (रांची) में सीबीआई की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा ने बड़ी कार्रवाई की है। सीआईएसएफ के एक जवान के बिल पास करने के एवज में रिश्वत लेने के आरोप में तीन वरिष्ठ लेखा अधिकारियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी के बाद एजेंसी ने आरोपियों के ठिकानों पर छापेमारी कर भारी मात्रा में नकदी और संपत्ति के दस्तावेज भी बरामद किए हैं।

किन अधिकारियों पर हुई कार्रवाई?
​सीबीआई की टीम ने डोरंडा स्थित कार्यालय में जाल बिछाकर तीन अधिकारियों को गिरफ्तार किया है।
​संतोष कुमार महतो (वरिष्ठ लेखा अधिकारी)
​सुनील कुमार (सहायक लेखा अधिकारी)
​सुजीत कुमार सिंह (सहायक लेखा अधिकारी)

क्या है पूरा मामला?
​उत्तर प्रदेश के प्रयागराज स्थित एनटीपीसी में पदस्थापित सीआईएसएफ के एक हवलदार ने सीबीआई में शिकायत दर्ज कराई थी। उनकी यात्रा भत्ता और बच्चों के शिक्षा भत्ते से जुड़े बिलों को पास करने और भुगतान प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए इन अधिकारियों द्वारा लगातार रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने मामले का सत्यापन किया और पुख्ता सबूत मिलने पर तुरंत प्राथमिकी दर्ज की। गुरुवार को योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए टीम ने कार्यालय में ही तीनों आरोपियों को 48,400 रुपये की रिश्वत लेते हुए दबोच लिया।

छापेमारी में मिले अकूत दस्तावेज और नकदी
​गिरफ्तारी के बाद सीबीआई ने रांची और धनबाद में आरोपियों से जुड़े कुल पांच ठिकानों पर देर रात तक सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान शुरुआती जांच में कई चीजें सामने आई हैं।
​10 से 12 लाख रुपये की नकद राशि
​सोने-चांदी के जेवरात और जमीन के कागजात
​बैंक लॉकर से जुड़े महत्वपूर्ण विवरण और दस्तावेज
​फिलहाल, सीबीआई बरामद की गई संपत्ति और नकदी का सत्यापन करने में जुटी है और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य संलिप्त लोगों की भी तलाश की जा रही है।

Share This Article