डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर : बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव और चक्रवाती हवाओं के असर से झारखंड में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने आज 28 अगस्त कोल्हान प्रमंडल के जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की प्रबल संभावना जताते हुए लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है। बारिश के इस दौर के बीच आकाशीय बिजली गिरने से राज्य के विभिन्न हिस्सों में 5 लोगों की जान चली गई है।
वज्रपात से पांच जिलों में मौतें
खराब मौसम और गर्जन के दौरान हुई हादसों में हजारीबाग जिले में 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि गुमला, खूंटी और गिरिडीह में एक-एक व्यक्ति की जान चली गई। लगातार हो रही वज्रपात की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश जारी किया है कि खराब मौसम और काले बादल छाए रहने के दौरान लोग पेड़ों के नीचे या पूरी तरह खुले स्थानों पर खड़े होने से बचें।
कोल्हान में आज भारी बारिश और तेज हवाओं के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक, बंगाल के सिस्टम का सबसे ज्यादा असर कोल्हान (पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां) पर देखने को मिल रहा है। आज 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और कुछेक स्थानों पर मूसलाधार बारिश होने के आसार हैं। यह मौसमी सिस्टम आगामी 31 अगस्त तक सक्रिय रह सकता है, जिससे तापमान में गिरावट आई है और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है।
जमशेदपुर में झमाझम बारिश और जलभराव
कोल्हान के मुख्य केंद्र जमशेदपुर में गुरुवार को भी झमाझम बारिश का दौर जारी रहा। दोपहर बाद साकची, बिष्टुपुर, टेल्को, गोलमुरी, जुगसलाई और बर्मामाइंस समेत शहर के कई हिस्सों में जोरदार बारिश हुई, जिससे शहर में 22.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई। मूसलाधार बारिश के चलते कई मुख्य सड़कों और निचले इलाकों में पानी भर गया, जिससे वाहन चालकों को कुछ देर के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ा।
अब तक की बारिश का लेखा-जोखा
पूर्वी सिंहभूम जिले में 1 जून से अब तक कुल 796 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इस अवधि का सामान्य वर्षापात 823.6 मिमी है, जिसके लिहाज से फिलहाल बारिश के कोटे में मात्र 3 प्रतिशत की मामूली कमी है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आज और आने वाले दो-तीन दिनों में होने वाली भारी बारिश इस कोटे को पूरी तरह से भर देगी।

