झाझा। आगामी 11, 12 एवं 13 अक्टूबर 2026 को श्री शांति छठ घाट, गोशाला रोड स्थित नदी प्रांगण में आयोजित होने वाले मां महायज्ञ एवं पार्थिव शिवलिंग रुद्राभिषेक महाअनुष्ठान को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। आयोजन की सफलता और बेहतर व्यवस्था को लेकर 1 सितंबर 2026, मंगलवार को शाम 5 बजे पुरानी बाजार स्थित चैती दुर्गा मंदिर प्रांगण में झाझावासियों की अति आवश्यक बैठक बुलाई गई है।
प्रयागराज के पंडित पवन द्विवेदी कराएंगे यज्ञ
आयोजक के अनुसार मां महायज्ञ एवं रुद्राभिषेक का आयोजन प्रयागराज के पंडित पवन द्विवेदी महाराज, जो रुद्राभिषेक एवं यज्ञ विशेषज्ञ हैं, के द्वारा विधि-विधान से कराया जाएगा।
आयोजन की तैयारियों पर होगा मंथन
बैठक में मां महायज्ञ एवं रुद्राभिषेक की तैयारियों के साथ ग्रामवासियों की सहभागिता, सेवा-सहयोग, श्रद्धालुओं की सुविधा, आवश्यक संसाधनों और आयोजन की व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। साथ ही ग्रामीणों एवं नगरवासियों से आवश्यक जानकारी और सुझाव लेकर उनका संकलन किया जाएगा।
सभी से बैठक में पहुंचने की अपील
आयोजक प्रिंस कुमार झा उर्फ संगम कुमार झा ने सभी ग्रामवासियों एवं पुरानी बाजार के सम्मानित नागरिकों से बैठक में अनिवार्य रूप से शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन सामूहिक आस्था और सहभागिता का अवसर है। सभी के सहयोग से ही इसे भव्य और सफल बनाया जा सकता है।
बैठक की जानकारी
📅 दिनांक: 1 सितंबर 2026, मंगलवार
⏰ समय: शाम 5:00 बजे
📍 स्थान: चैती दुर्गा मंदिर प्रांगण, पुरानी बाजार, झाझा

