हजारीबाग: फायरिंग के 24 घंटे में पुलिस की तेज कार्रवाई, गुप्त सूचना पर आरोपी गिरफ्तार

Reena Sharma
2 Min Read

गोलीकांड के बाद SIT ने संभाला मोर्चा

हजारीबाग के पदमा ओपी क्षेत्र में रिटायर शिक्षक रामजय कुमार महथा पर फायरिंग के मामले में पुलिस ने वारदात के महज 24 घंटे के अंदर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। 6 सितंबर की सुबह करीब साढ़े आठ बजे घर लौट रहे शिक्षक पर मोटरसाइकिल सवार अपराधी ने दो राउंड फायरिंग की थी, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए। फिलहाल रांची के एक अस्पताल में उनका इलाज जारी है और वे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।

जिहु में छापेमारी, बहन के घर से आरोपी दबोचा

घटना के बाद बरही एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर के नेतृत्व में इंस्पेक्टर अनिल कुमार, थाना प्रभारी श्रवण कुमार और अन्य पुलिसकर्मियों की SIT गठित की गई। टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर ग्राम जिहु में छापेमारी कर कृष्णा महतो उर्फ महेश महतो को उसकी बहन यशोदा देवी के घर से गिरफ्तार किया।

पिस्टल, गोलियां और बाइक बरामद

पुलिस के अनुसार आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल की गई लोडेड इटालियन पिस्टल बरामद हुई है। तलाशी में एक पिस्टल, आठ जिंदा गोलियां, दो मिस फायर गोलियां, दो खोखे, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन मिले। पूछताछ में आरोपी ने शिक्षक से पूर्व से आपसी विवाद होने की बात बताई और पुलिस के मुताबिक इसी विवाद के चलते बदला लेने के इरादे से फायरिंग की गई।

Advertisement

Share This Article