करंट के जाल में हाथी की दर्दनाक मौत, दहशत में ग्रामीण

Reena Sharma
3 Min Read

घर बचाने के लिए बिछाया तार बना मौत का जाल

बालूमाथ। लातेहार जिले के बालूमाथ प्रखंड के झाबर पंचायत के कोमर गांव स्थित कुसीटोला में रविवार देर रात नंगे बिजली तार की चपेट में आने से एक वयस्क जंगली हाथी की मौत हो गई। करीब पांच दिन पहले हाथियों के झुंड ने बीफा उरांव के घर को क्षतिग्रस्त कर अनाज खा लिया था। इससे परेशान होकर उसने घर के आसपास नंगे बिजली तार बिछा दिए थे।

करंट दौड़ाया, खुद छिप गया ग्रामीण

रविवार रात हाथियों का झुंड दोबारा गांव पहुंचा तो बीफा उरांव ने बिछाए गए तार में करंट प्रवाहित कर दिया और खुद कोमर डैम के पास जाकर छिप गया। इसी दौरान झुंड में शामिल एक वयस्क हाथी तार की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

वन विभाग ने कराया पोस्टमार्टम

घटना की सूचना पर लातेहार डीएफओ प्रवेश अग्रवाल और रेंजर नंदकुमार मेहता घटनास्थल पहुंचे। वन विभाग की मौजूदगी में पशु चिकित्सकों की टीम ने मृत हाथी का पोस्टमार्टम किया। चिकित्सकों ने आंतरिक अंगों और पाचन तंत्र से विसरा के नमूने लिए हैं, जिनकी जांच के बाद मौत की वास्तविक वजह की पुष्टि होगी।

Advertisement

दोषी मिला तो होगी कानूनी कार्रवाई

पोस्टमार्टम के बाद हाथी के शव को जंगल में दफना दिया गया। डीएफओ प्रवेश अग्रवाल ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में दोषी पाए जाने पर प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वन समिति अध्यक्ष सुनील उरांव ने बताया कि ग्रामीणों को पहले ही नंगे बिजली तार लगाने से मना किया गया था।

अवैध बिजली कनेक्शन की भी जांच

बिजली विभाग के एसडीओ के अनुसार बीफा उरांव के घर का बिजली कनेक्शन भी अवैध है। विभागीय स्तर पर भी मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। वन समिति ने कहा कि हाथियों से बचाव के लिए जानलेवा उपाय इंसानों और वन्यजीवों दोनों के लिए खतरनाक हैं।

हाथियों के उत्पात से ग्रामीणों में डर

कोमर और आसपास के गांवों में हाथियों का उत्पात लगातार जारी है। ग्रामीणों के अनुसार पिछले एक माह में हाथियों ने लवलेश सिंह की करीब पांच एकड़ सब्जी की फसल बर्बाद कर दी। हाथी भगाओ दल के सदस्य पवन साहू, बाबूलाल गंझू, दीपक साव और रति पाहन समेत अन्य ग्रामीण जान जोखिम में डालकर हाथियों को आबादी क्षेत्र से दूर भगाने का प्रयास करते हैं। वन विभाग के अनुसार क्षेत्र में 2022 में रेन्ची जंगल और 2023 में गणेशपुर के बघौता में भी हाथियों की मौत हो चुकी है। वन विभाग ने लोगों से नंगे बिजली तार या करंट जैसे जानलेवा उपाय नहीं करने और हाथियों के आबादी क्षेत्र में आने पर तत्काल सूचना देने की अपील की है।

Share This Article