निखार सबलोक हत्याकांड: एसआईटी के हत्थे चढ़ा कुख्यात सिंटू सिंह, भेजा गया जेल, हथियार और बाइक बरामद

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : चांडिल थाना क्षेत्र के आसनबनी में पिछले दिनों हुए बहुचर्चित निखार सबलोक हत्याकांड में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले में कार्रवाई करते हुए कुख्यात अपराधी अभिमन्यु सिंह उर्फ सिंटू सिंह को दबोच लिया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई बजाज एवेंजर मोटरसाइकिल, एक लोडेड देशी पिस्तौल, एक जिंदा गोली और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मंगलवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

चांडिल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिव प्रकाश कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 24 अगस्त को 33 वर्षीय निखार सबलोक को अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। जमशेदपुर के टीएमएच में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। मृतक के पिता की शिकायत पर चांडिल थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

​हत्या की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी कोल्हान के निर्देश पर सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम के वरिष्ठ अधिकारियों की एक विशेष जांच टीम गठित की गई थी। तकनीकी सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर पुलिस लगातार दबिश बना रही थी। इससे पहले पुलिस ने घटना में इस्तेमाल लाल रंग की हुंडई आई-10 कार रांची से जब्त की थी, साथ ही छह अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

Advertisement

पहले भी जेल जा चुके हैं छह आरोपी
इस हाई-प्रोफाइल मामले में पुलिस इससे पहले अशोक कुमार सिंह उर्फ राघव, सुनील रजक, रितेश सिंह, सुशील केराई, राजकुमार सिंह उर्फ प्रिंस और अंकित सिंह को गिरफ्तार कर चुकी है। उनके पास से दो पिस्तौल भी बरामद हुई थी। इन सभी को दो सितंबर को न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। पुलिस अब इस वारदात में शामिल बाकी फरार अपराधियों की तलाश में जुटी है।

कई थानों में दर्ज हैं गंभीर मामले
गिरफ्तार अभियुक्त अभिमन्यु सिंह का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ बोडाम, मानगो, ओलडीह और आदित्यपुर थानों में हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, रंगदारी, मारपीट और धोखाधड़ी के कई गंभीर मामले दर्ज हैं। विशेष रूप से आदित्यपुर थाने में वर्ष 2016 में दर्ज एक मामले में उसपर हत्या, आपराधिक साजिश और आर्म्स एक्ट के तहत गंभीर आरोप हैं। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह के अन्य नेटवर्क को खंगाला जा रहा है ताकि इस साजिश में शामिल हर शख्स को कानून के दायरे में लाया जा सके।

Share This Article