भाजपा पर राजनीति चमकाने का आरोप
मेदिनीनगर: पलामू जिला कांग्रेस प्रवक्ता गोपाल सिंह ने जेपीएससी, जेएसएससी एवं सीजीएल परीक्षाओं को लेकर भाजपा के प्रदर्शन पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता और युवाओं ने भाजपा को पूरी तरह नकार दिया है। अब युवाओं के भविष्य और भर्ती परीक्षाओं जैसे संवेदनशील मुद्दों पर घड़ियाली आंसू बहाकर भाजपा अपनी राजनीति चमकाने की कोशिश कर रही है।
जांच और कार्रवाई का दावा
गोपाल सिंह ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में सामने आई गड़बड़ियों को झारखंड सरकार ने गंभीरता से लिया है। मामलों की जांच कराई जा रही है, दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई हो रही है और गिरफ्तारियां भी हुई हैं। सरकार ने मामले को दबाने के बजाय जांच और कार्रवाई का रास्ता अपनाया है। ऐसे में भाजपा का हर मामले में सीबीआई जांच की मांग करना उसकी राजनीतिक मंशा पर सवाल खड़ा करता है।
सीबीआई के नाम पर माहौल बनाने का आरोप
उन्होंने कहा कि सीबीआई का नाम लेना अपने आप में निष्पक्ष जांच की गारंटी नहीं है। भाजपा को बताना चाहिए कि जिन मामलों में उसने केंद्रीय जांच एजेंसियों की निष्पक्षता का दावा किया, उनमें कार्रवाई कितनी तेजी से हुई। सिर्फ सीबीआई का नाम लेकर राजनीतिक माहौल बनाना और जनता को भ्रमित करना किसी समस्या का समाधान नहीं है।
नीट मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरा
गोपाल सिंह ने कहा कि नीट घोटाले के विरोध में जब देशभर के छात्र और युवा दिल्ली के जंतर-मंतर पर अपनी आवाज बुलंद कर रहे थे, तब केंद्र की मोदी सरकार ने जिस प्रकार की क्रूरता दिखाई, उसे भूला नहीं जा सकता। छात्रों की आवाज सुनने के बजाय उनके आंदोलन के प्रति जिस तरह का कठोर रवैया अपनाया गया, उसे देश का युवा आज भी याद रखता है। आज वही भाजपा झारखंड के छात्रों और युवाओं के प्रति हमदर्दी का दिखावा कर रही है।
युवाओं को चाहिए पारदर्शी भर्ती और रोजगार
उन्होंने कहा कि झारखंड में छात्र आंदोलन के दौरान राज्य सरकार के मंत्रियों ने लगातार छात्रों से संवाद किया और उनकी समस्याओं को समझने का प्रयास किया। कांग्रेस और एनएसयूआई के नेताओं-कार्यकर्ताओं ने छात्रों और आम लोगों के बीच खड़े होकर अपनी जिम्मेदारी निभाई। गोपाल सिंह ने कहा कि भाजपा सीबीआई जांच की मांग इसलिए कर रही है ताकि जांच की आड़ में राजनीतिक भ्रम पैदा किया जा सके और अपने शासनकाल की विफलताओं से ध्यान भटकाया जा सके। युवाओं को निष्पक्ष परीक्षा, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और रोजगार चाहिए। भाजपा को अपने शासनकाल में सामने आए पेपर लीक, भर्ती से जुड़े विवादों और युवाओं के साथ किए गए अन्याय का जवाब देना चाहिए।

