डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: शहर के बिरसानगर थाना क्षेत्र के हुरलुंग झुमकटोला इलाके में मामूली सी बात ने तूल पकड़ लिया। घर के बाहर खड़ी गाड़ी हटाने और बालू लदे वाहन को रास्ता देने के विवाद में जमकर मारपीट हुई। इस घटना में स्थानीय निवासी रणवीर सरकार घायल हो गए हैं।
पीड़ित रणवीर का आरोप है कि जब उन्होंने वाहन हटाने में असमर्थता जताई या विरोध किया, तो बात इतनी बढ़ गई कि लगभग 10 से 15 लोगों ने मिलकर उन पर हमला बोल दिया। इस झड़प में उन्हें चोटें आई हैं। साथ ही, हमलावरों द्वारा उनके पूरे परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
इस पूरे विवाद को एक अलग रंग देते हुए पीड़ित पक्ष ने इसे क्षेत्र में चल रहे कथित अवैध बालू खनन और उसकी ढुलाई के विरोध से भी जोड़ा है। उनका दावा है कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ मुखर होने के कारण उन्हें निशाना बनाया गया है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है।
बिरसानगर थाना प्रभारी संतोष कुमार के अनुसार पुलिस को शिकायत मिल चुकी है और मामले के हर पहलू की निष्पक्षता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

