मुजफ्फरपुर में STF की बड़ी कार्रवाई 27 लाख की हेरोइन के साथ 5 तस्कर गिरफ्तार

Reena Sharma
3 Min Read

मुजफ्फरपुर। बिहार पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) और मुजफ्फरपुर जिला पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय नशीले पदार्थ तस्करी गिरोह का खुलासा किया है। संयुक्त टीम ने तुर्की थाना क्षेत्र में छापेमारी कर 136.35 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बरामद हेरोइन की अनुमानित कीमत करीब 27.20 लाख रुपये है।

गुप्त सूचना पर छापेमारी, पांचों तस्कर गिरफ्तार

कार्रवाई 13 सितंबर 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर की गयी। बिहार एसटीएफ की विशेष टीम और मुजफ्फरपुर जिला पुलिस को नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़ी सूचना मिली थी। इसके बाद संयुक्त टीम ने तुर्की थाना क्षेत्र में छापेमारी की। पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। छापेमारी में कुल 136.35 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई, जिसकी खुले बाजार में अनुमानित कीमत करीब 27,20,000 रुपये है।

हेरोइन के साथ नकदी और मोबाइल भी जब्त

पुलिस ने आरोपियों के पास से पांच मोबाइल फोन और अवैध कारोबार से जुड़े 2,54,770 रुपये नकद भी जब्त किये हैं। बरामदगी के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ तुर्की थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुंदन कुमार, पिता कैश्वर राय, ग्राम पुरुषोत्तमपुर जाफराबाद, थाना राघोपुर, जिला वैशाली; प्रकाश कुमार, पिता हरेन्द्र राय, ग्राम परोहा, थाना राघोपुर, जिला वैशाली; रोहित कुमार, पिता ऋषि राय, ग्राम परोहा, थाना राघोपुर, जिला वैशाली; सतीश कुमार, पिता वासुदेव राय, ग्राम परोहा, थाना रुस्तमपुर, जिला वैशाली और काजल देवी, पति अमरजीत कुमार, ग्राम कच्ची दरगाह जेठुली, थाना फतुहा, जिला पटना के रूप में हुई है।

Advertisement

सिलचर और कोटा से आती थी हेरोइन की खेप, नेटवर्क की जांच जारी

पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार गिरफ्तार आरोपी एक संगठित गिरोह का हिस्सा हैं। पुलिस के अनुसार यह गिरोह पिछले कई वर्षों से मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध आपूर्ति के धंधे में संलिप्त रहा है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आयी है कि गिरोह असम के सिलचर और कोटा से हेरोइन की खेप मंगाता था। इसके बाद बिहार के विभिन्न जिलों के साथ-साथ असम और अन्य राज्यों में इसकी आपूर्ति की जाती थी। गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और उनकी भूमिका का पता लगाने में जुटी है। साथ ही नशीले पदार्थों की सप्लाई के स्रोत और नेटवर्क के अन्य कनेक्शन की भी जांच की जा रही है।

Share This Article