धनबाद पुलिस का बड़ा एक्शन, दुबई भागने से पहले बंटी खान को कोलकाता से दबोचा; पासपोर्ट-वीजा बरामद

Reena Sharma
2 Min Read

धनबाद। धनबाद पुलिस ने पश्चिम बंगाल पुलिस के सहयोग से बड़ी सफलता हासिल करते हुए वासेपुर के कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के भाई बंटी खान को कोलकाता से गिरफ्तार किया है। बंटी खान फर्जी दस्तावेजों के आधार पर दुबई भागने की फिराक में था, लेकिन उड़ान भरने से ठीक पहले पुलिस ने उसे पकड़ लिया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसके पास से वैध और फर्जी पासपोर्ट व वीजा भी बरामद किया है। बंटी खान पर हत्या, रंगदारी, आर्म्स एक्ट और आपराधिक साजिश रचने जैसे एक दर्जन से अधिक संगीन मामले दर्ज हैं। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश में छापेमारी कर रही थी।

गुप्त सूचना पर कोलकाता में दबिश, उड़ान से पहले दबोचा

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बंटी खान कोलकाता में छुपा हुआ है और वहां से अंतरराष्ट्रीय उड़ान पकड़कर दुबई भागने की योजना बना रहा है। सूचना मिलते ही धनबाद पुलिस की एक विशेष टीम ने कोलकाता में दबिश दी और स्थानीय पुलिस की मदद से उसे गिरफ्तार कर लिया।

प्रिंस खान गिरोह के मेजर को भी एयरपोर्ट से पकड़ा था

बंटी खान से पहले धनबाद पुलिस ने प्रिंस खान गिरोह के मुख्य गुर्गे मेजर उर्फ सैफी को भी कोलकाता एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया था, जो दुबई भागने की कोशिश कर रहा था। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि प्रिंस खान के भाई बंटी खान की गिरफ्तारी से वासेपुर गिरोह के वित्तीय लेनदेन और रंगदारी नेटवर्क को गहरा झटका लगेगा।

Advertisement

ट्रांजिट रिमांड की तैयारी, पूछताछ में खुल सकते हैं कई राज

फिलहाल धनबाद पुलिस बंटी खान को ट्रांजिट रिमांड पर धनबाद लाने की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है। उससे पूछताछ के बाद गिरोह के अन्य सदस्यों और विदेश में बैठे प्रिंस खान के नेटवर्क के बारे में कई बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।

Share This Article