धनसार थाने से चंद कदम की दूरी पर चोरों का तांडव! फर्नीचर दुकान में चोरी कर लगाई आग

Reena Sharma
2 Min Read

धनबाद। धनसार थाना के आसपास स्थित विश्वकर्मा फर्नीचर दुकान को चोरों ने देर रात निशाना बनाया। चोर दुकान से करीब दो लाख रुपये के सामान और नगद लेकर फरार हो गए। वारदात के बाद दुकान में आग भी लगा दी गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद दुकान संचालक आधी रात को मौके पर पहुंचे।

टूटा मिला एस्बेस्टस, बिखरा था सामान

दुकान में पहुंचने पर संचालक ने देखा कि सामान बिखरा पड़ा था और कीमती सामान के साथ कैश भी गायब था। दुकान के अंदर आग लगी हुई थी। मौके पर दुकान की एस्बेस्टस की छत भी टूटी मिली। इसके आधार पर आशंका जताई जा रही है कि चोर छत के रास्ते दुकान में दाखिल हुए होंगे।

चोरी के बाद दुकान में लगाई आग

बताया जा रहा है कि घटना देर रात करीब 12:40 बजे की है। चोरों ने पहले दुकान में चोरी की और इसके बाद आग लगा दी। आग लगने से दुकान में मौजूद सामान को भी नुकसान पहुंचा है। हालांकि, नुकसान का पूरा आकलन अभी सामने नहीं आया है।

Advertisement

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना धनसार थाना पुलिस को दी गई। इसके बाद पीसीआर टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस दुकान में हुई चोरी और आगजनी की घटना से जुड़े सुराग जुटा रही है।

दुकान उड़ाने की चर्चा, आधिकारिक पुष्टि नहीं

घटना को लेकर दुकान को उड़ाने की भी चर्चा सामने आई है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में इस एंगल पर पुलिस की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

थाना के पास वारदात से व्यापारियों में आक्रोश

धनसार थाना के आसपास चोरी की इस घटना से स्थानीय व्यापारियों में आक्रोश है। व्यापारियों का कहना है कि थाना के इतने करीब दुकान में चोरी होने से पुलिस की पेट्रोलिंग और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े होते हैं। अब पुलिस के सामने आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने की चुनौती है।

Share This Article