हजारीबाग में अवैध निर्माण पर कार्रवाई की तैयारी, लॉज-हॉस्टल और अपार्टमेंट होंगे जांच के दायरे में

Reena Sharma
2 Min Read

हजारीबाग नगर निगम शहर में नियमों के विपरीत और बेतरतीब तरीके से बनाई जा रही इमारतों को लेकर गंभीर हो गया है। नगर निगम ने शहर के लॉज, हॉस्टल, अपार्टमेंट समेत बड़े भवनों की जांच कराने की तैयारी शुरू कर दी है। महापौर अरविंद कुमार राणा ने बताया कि भवनों की जांच के लिए आदेश दिया जा चुका है। जांच के दौरान नक्शा स्वीकृति, निर्माण की अनुमति और सुरक्षा मानकों के अनुपालन की पड़ताल की जाएगी।

गली-मोहल्लों में बन रहे बहुमंजिला भवनों पर नजर

हजारीबाग शहर के कई गली-मोहल्लों में सीमित जगह के बीच बहुमंजिला भवन और अपार्टमेंट का निर्माण किया जा रहा है। नगर निगम अब ऐसे भवनों की जांच कराने की तैयारी में है, जहां निर्माण के दौरान निर्धारित नियमों और सुरक्षा मानकों का पालन किया गया है या नहीं, इसकी जांच होगी।

नक्शा और नियमों के उल्लंघन पर होगी कार्रवाई

महापौर अरविंद कुमार राणा ने कहा कि जांच के दौरान जिन भवनों का नक्शा स्वीकृत नहीं पाया जाएगा या निर्माण में नियमों का उल्लंघन सामने आएगा, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

लॉज-हॉस्टल और अपार्टमेंट पर विशेष नजर

नगर निगम की विशेष नजर उन भवनों पर रहेगी, जहां बड़ी संख्या में लोगों के रहने या ठहरने की व्यवस्था है। इनमें लॉज, हॉस्टल और अपार्टमेंट प्रमुख रूप से शामिल हैं।

दिल्ली की घटना से सबक लेकर जांच पर जोर

महापौर ने कहा कि बिना उचित योजना और सुरक्षा मानकों के भवन निर्माण होता रहा तो भविष्य में गंभीर स्थिति उत्पन्न हो सकती है। दिल्ली की घटना से सबक लेते हुए समय रहते भवनों की स्थिति और निर्माण नियमों की जांच जरूरी है, ताकि किसी संभावित हादसे को टाला जा सके।

Share This Article