आदित्यपुर चर्चित हत्याकांड में आया नया मोड़: गवाह के बयानों और शिनाख्त से आरोपियों की बढ़ी मुश्किलें, दोषियों पर गिरेगी गाज

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड और उस पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस का शिकंजा आरोपियों पर कसता जा रहा है। इस हाई-प्रोफाइल केस में एक बहुत बड़ा मोड़ आया है, जब मामले के मुख्य चश्मदीद और हमले में गंभीर रूप से घायल हुए प्रत्युष ने अदालत के सामने सनसनीखेज खुलासे किए हैं।

अदालत में दर्ज हुआ 164 के तहत बयान
​शुक्रवार को प्रथम न्यायिक दंडाधिकारी जितेन्द्र राम की अदालत में प्रत्युष का धारा 164 के तहत कलमबद्ध बयान दर्ज किया गया। प्रत्युष ने मजिस्ट्रेट के सामने 27 जून की रात डी डी बार में हुए मामूली विवाद से लेकर खूनी संघर्ष तक की पूरी दास्तां बयां की। उसने अदालत को विस्तार से बताया कि कैसे चापड़, कुल्हाड़ी और अन्य धारदार हथियारों से उन पर हमला किया गया था और किस आरोपी की क्या भूमिका थी।

जेल और रिमांड होम में हुई टीआई परेड
​जांच प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए घाघीडीह केंद्रीय कारा और बाल सुधार गृह में मजिस्ट्रेट अरविंद कुमार की उपस्थिति में आरोपियों की शिनाख्त के लिए टेस्ट आइडेंटिफिकेश परेड कराई गई। गवाह प्रत्युष ने घाघीडीह जेल में बंद टाइगर जवान और अन्य आरोपियों की शिनाख्त की। रिमांड होम में बंद निरूद्ध किशोरों की भी पहचान प्रक्रिया पूरी कराई गई।

Advertisement

अब मजबूत चार्जशीट की तैयारी में जुटी पुलिस
​पुलिस अधिकारियों का मानना है कि चश्मदीद प्रत्युष का यह कोर्ट में बयान और टीआई परेड में हुई पहचान इस मामले में बेहद मजबूत वैज्ञानिक और प्रक्रियात्मक साक्ष्य साबित होंगे। इसके आधार पर पुलिस अब अदालत में एक पुख्ता चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी में जुट गई है, ताकि आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा सके।

कई आरोपी पहले ही जा चुके हैं सलाखों के पीछे
​गौरतलब है कि गत 27 जून की रात मामूली विवाद के बाद आदित्यपुर निवासी हिमांशु सिंह और उसके दोस्त प्रत्युष पर हमला हुआ था। इस दौरान हिमांशु सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल प्रत्युष का लगभग एक महीने तक कोलकाता में इलाज चला था। इस मामले में बार मालिक सह भाजपा नेता नीरज सिंह सहित कई आरोपी पहले ही जेल जा चुके हैं। हाल ही में अदालत ने तीन आरोपियों (सुदर्शन मंडल, जय मंडल और राघवेंद्र धेरे) की जमानत याचिका भी खारिज कर दी है। पुलिस इस मामले में अब तक कई बालिगों और तीन नाबालिगों को जेल व रिमांड होम भेज चुकी है।

Share This Article