डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: शहर के साकची थाना अंतर्गत काशीडीह इलाके में रविवार की देर रात पुरानी रंजिश को लेकर जमकर खून-खराबा हुआ। इलाके के लाइन नंबर 12-13 के पास शौचालय के समीप घात लगाए बैठे बदमाशों ने चापड़ से ताबड़तोड़ हमला कर तीन लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते दो मुख्य आरोपियों को धर दबोचा।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
साकची पुलिस के अनुसार, इस गंभीर मामले में दबिश बनाते हुए गौरव शर्मा और रिंकू मोहंती नामक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने दोनों को औपचारिकताएं पूरी करने के बाद स्थानीय अदालत में पेश किया, जहां से अदालत के आदेश पर उन्हें न्यायिक हिरासत में घाघीडीह केंद्रीय कारा भेज दिया गया है।
छह लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज
घायल काशीडीह निवासी जयप्रकाश यादव के लिखित बयान के आधार पर साकची थाने में कुल छह उपद्रवियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस को दिए गए बयान में पीड़ित ने खुलासा किया कि रविवार रात जब वह काशीडीह शौचालय के पास मौजूद थे, तभी सुनियोजित तरीके से रोहित सिंह, सौरव सिंह, रिंकू, लाला, गौरव यादव और गौरव शर्मा वहां पहुंचे। सभी के हाथों में घातक हथियार थे। आरोप है कि बिना किसी लंबी बातचीत के आरोपियों ने उन पर और अन्य दो लोगों पर चापड़ से अंधाधुंध वार कर दिया, जिससे तीनों गंभीर रूप से लहूलुहान हो गए।
अन्य आरोपियों की सुरागरसी में जुटी पुलिस
इस दुस्साहसिक घटना के बाद से स्थानीय इलाकों में दहशत का माहौल है। साकची थाना प्रभारी के अनुसार गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ कर अन्य फरार साथियों के ठिकानों के बारे में सुराग जुटाए जा रहे हैं। पुलिस की टीमें बाकी बचे चार नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही बाकी बचे उपद्रवी भी कानून की गिरफ्त में होंगे।

