डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : आगामी दुर्गापूजा को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने जिला प्रशासन के सामने जनता की मांगें मजबूती से रखी हैं। इसे लेकर उन्होंने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त को एक पत्र सौंपा है, जिसमें शहरवासियों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई है। त्योहार के दौरान उमड़ने वाली भारी भीड़ और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए विधायक ने जिला प्रशासन, पुलिस, नगर निकाय और टाटा स्टील प्रबंधन के बीच आपसी तालमेल बेहतर करने पर जोर दिया है।
प्रमुख मांगें
सड़क और यातायात प्रबंधन: प्रमुख पूजा पंडालों को जोड़ने वाले मार्गों के गड्ढों की तुरंत मरम्मत कराई जाए। इसके अलावा, एक विशेष ट्रैफिक रूट प्लान तैयार कर पार्किंग स्थलों और नो-एंट्री की समय-सारणी समय से पहले सार्वजनिक की जाए।
साफ-सफाई और स्वच्छता: पूजा पंडालों, बाजारों और मंदिरों के आसपास नियमित सफाई हो। जलजमाव वाली जगहों पर ब्लीचिंग पाउडर और एंटी लार्वा केमिकल का छिड़काव किया जाए और कचरा प्रबंधन के लिए गीले और सूखे कचरे के वास्ते अलग-अलग डस्टबिन रखे जाएं।
सुरक्षा और निगरानी: संकरी और भीड़भाड़ वाली जगहों पर मजबूत बैरिकेडिंग की व्यवस्था हो और मुख्य मार्गों पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए पैनी नजर रखी जाए।
नालियों और खुले चैंबरों की सुरक्षा: शहर के खुले नालों और मेनहोल को मजबूत ढक्कन से ढका जाए और नालियों की गाद निकालकर जल निकासी सुगम बनाई जाए।
विसर्जन घाटों की तैयारी: मूर्तिक विसर्जन के लिए प्रमुख घाटों पर साफ-सफाई, समतलीकरण, पर्याप्त रोशनी और पुख्ता बैरिकेडिंग सुनिश्चित की जाए।
विधायक ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन इन सभी बिंदुओं पर समय रहते ठोस कदम उठाएगा, जिससे शहरवासी बिना किसी असुविधा के हर्षोल्लास के साथ दुर्गापूजा का आनंद ले सकें।

