भूली मोड़ गोलीकांड में बड़ी कार्रवाई, मुख्य शूटर चंदन ठाकुर समेत चार गिरफ्तार

Reena Sharma
2 Min Read

धनबाद। भूली मोड़ गोलीकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बुधवार देर रात ईस्ट बसुरिया थाना क्षेत्र में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें मुख्य शूटर चंदन ठाकुर और प्रिंस को गोली लगी। पुलिस ने मौके से चार अपराधियों को हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया।

गुप्त सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

पुलिस को सूचना मिली थी कि भूली मोड़ फायरिंग में शामिल अपराधी माइंस से सटे एक जर्जर घर में छिपे हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आत्मसमर्पण के लिए कहा, लेकिन अंदर से फायरिंग शुरू कर दी गई। जवाबी कार्रवाई में दो अपराधी घायल हो गए।

चंदन था मुख्य शूटर

पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर को भूली मोड़ पर हुई फायरिंग में चंदन ठाकुर ने करीब 10 राउंड गोलियां चलाई थीं। प्रिंस बाइक चला रहा था। गोलीबारी में शानू खान, सद्दाम और कुमकुम घायल हुए थे।

Advertisement

चार अपराधी गिरफ्तार

मुठभेड़ के बाद चंदन ठाकुर और प्रिंस को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं जोदन ठाकुर और अमीर कुरैशी को भी गिरफ्तार किया गया है। मौके से हथियार और कारतूस बरामद किए गए।

दो अपराधी अंधेरे में फरार

SSP प्रभात कुमार ने बताया कि कार्रवाई के दौरान दो अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। पुलिस ने इलाके में सर्च अभियान चलाया और फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पूरे नेटवर्क की होगी जांच

पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर भूली मोड़ गोलीकांड में शामिल अन्य लोगों और इस्तेमाल किए गए हथियारों की जानकारी जुटा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article