पलामू। चैनपुर थाना क्षेत्र के बोकेया पतरिया स्थित कोयल नदी में करमा पूजा की सामग्री विसर्जित करने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। एक बच्चे को डूबता देख उसे बचाने नदी में उतरे चार अन्य बच्चे भी डूब गए। हादसे में चार बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक लापता बच्चे की तलाश जारी है।
एक-दूसरे को बचाने में डूबे बच्चे
बताया गया कि एक बच्चा नदी में डूबने लगा, जिसे बचाने के लिए उसके चार दोस्त भी पानी में उतर गए। देखते ही देखते सभी बच्चे डूब गए। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर बचाव का प्रयास किया, लेकिन बच्चों को बचाया नहीं जा सका।
चार शव बरामद, एक की तलाश
पुलिस और ग्रामीणों के सहयोग से चार बच्चों के शव नदी से बरामद कर लिए गए हैं। वहीं पांचवें बच्चे की तलाश के लिए अभियान जारी है। घटना के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है।
एसपी ने परिजनों से की मुलाकात
घटना की सूचना मिलते ही पलामू एसपी कपिल चौधरी ने स्थिति की जानकारी ली और मृतकों के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने संवेदना जताते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया और तत्काल आर्थिक सहायता भी दी।
घटनास्थल का किया निरीक्षण
एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत-बचाव कार्यों की जानकारी ली और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मौके पर एसडीपीओ सदर, एसडीओ सदर, चैनपुर थाना प्रभारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

