14 बिहार रेजीमेंट के स्वर्ण जयंती वर्ष पर पूर्व सैनिकों के सम्मान और संपर्क के लिए आयोजित गोल्डन जुबली बाइक रैली एक अक्तूबर को धनबाद पहुंचेगी. ‘शौर्य संबंध’ के तहत रैली पश्चिम बंगाल, ओडिशा, बिहार और झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरेगी और पूर्व सैनिकों, वीर नारियों व युद्ध विधवाओं से संपर्क करेगी.
पूर्व सैनिकों से होगा संवाद
रैली का उद्देश्य पूर्व सैनिकों की समस्याओं और कल्याण से जुड़े मामलों की जानकारी लेकर संबंधित माध्यमों से समाधान में सहायता करना है. 24 सितंबर को कोलकाता से रवाना हुई रैली भद्रक, भुवनेश्वर, बारीपदा, रांची, पटना और गया होते हुए धनबाद पहुंचेगी. यहां रैली का पड़ाव इसीएचएस पॉली क्लिनिक में होगा.
वीर नारियों और आश्रितों की बैठक
अखिल भारतीय पूर्व सैनिक संघ के अध्यक्ष रवींद्र सिंह ने बताया कि एक अक्तूबर को इसीएचएस पॉली क्लिनिक में वीर नारियों, पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों की बैठक होगी. इसी दौरान रैली का स्वागत और पूर्व सैनिकों व वीर नारियों का सम्मान किया जायेगा.
युवाओं को सेना के अवसरों की जानकारी
रैली के दौरान युवाओं से संवाद कर उन्हें भारतीय सेना में कॅरियर के अवसरों के प्रति जागरूक किया जायेगा. साथ ही पूर्व सैनिकों के अनुभव और सेना में हुए तकनीकी बदलावों की जानकारी भी युवाओं को दी जायेगी.
स्वर्ण जयंती पर शौर्य से जुड़ाव
14 बिहार रेजीमेंट की स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित यह रैली सेवा, त्याग और समर्पण की यात्रा को वर्तमान पीढ़ी से जोड़ने का प्रयास है.

