देवघर और गोड्डा में होगी अंबेडकर क्विज, 10 हजार युवाओं की भागीदारी का लक्ष्य, 4.05 लाख की पुरस्कार राशि

Reena Sharma
2 Min Read

देवघर: गोड्डा लोकसभा क्षेत्र यूथ कांग्रेस की ओर से डॉ. बी. आर. अंबेडकर क्विज प्रतियोगिता-2026 आयोजित की जाएगी। इसकी घोषणा शुक्रवार को देवघर में प्रेस वार्ता के दौरान की गयी। प्रतियोगिता में 16 से 35 वर्ष के गोड्डा लोकसभा क्षेत्र के निवासी या यहां अध्ययनरत छात्र हिस्सा ले सकेंगे।

निःशुल्क होगी प्रतियोगिता

प्रतियोगिता पूरी तरह निःशुल्क होगी। इसमें कुल 4 लाख 5 हजार रुपये की पुरस्कार राशि रखी गयी है। ग्रैंड फाइनल के विजेता को 50 हजार रुपये का प्रथम पुरस्कार मिलेगा।

दो यूनिट में बांटा गया क्षेत्र

गोड्डा लोकसभा क्षेत्र को दो यूनिट में बांटा गया है। यूनिट-A का केंद्र देवघर होगा, जिसमें देवघर, जरमुंडी और मधुपुर विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। यूनिट-B का केंद्र गोड्डा होगा, जिसमें पोड़ैयाहाट, गोड्डा और महागामा शामिल हैं।

Advertisement

लिखित परीक्षा से होगा चयन

पहले चरण में 50 बहुविकल्पीय प्रश्नों की लिखित परीक्षा होगी। 100 अंकों की परीक्षा के लिए 40 मिनट मिलेंगे। प्रत्येक यूनिट से 15 अभ्यर्थी चयनित होंगे, जिनमें से मौखिक परीक्षा के बाद पांच-पांच प्रतिभागी ग्रैंड फाइनल में पहुंचेंगे।

24 और 25 अक्टूबर को परीक्षा

यूनिट-A की परीक्षा 24 अक्टूबर को देवघर और यूनिट-B की परीक्षा 25 अक्टूबर को गोड्डा में होगी। 25 अक्टूबर को ही गोड्डा में ग्रैंड फाइनल और पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा।

10 हजार युवाओं तक पहुंच का लक्ष्य

आयोजकों ने प्रतियोगिता में 5 हजार से 10 हजार युवाओं की भागीदारी का लक्ष्य रखा है। देवघर यूनिट से फाइनल के लिए चयनित पांच प्रतिभागियों को गोड्डा आने के लिए यात्रा भत्ता भी दिया जाएगा।

1 से 15 अक्टूबर तक रजिस्ट्रेशन

ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 1 से 15 अक्टूबर 2026 तक होगा। परीक्षा केंद्र पर मूल आधार कार्ड लाना अनिवार्य रहेगा। मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच समेत इलेक्ट्रॉनिक उपकरण प्रतिबंधित रहेंगे। प्रतियोगिता की विस्तृत जानकारी आयोजकों की वेबसाइट पर उपलब्ध होगी।

Share This Article