डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: आगामी त्योहारों को देखते हुए जिला प्रशासन अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ पूरी तरह सख्त हो गया है। उपायुक्त राजीव रंजन के सख्त निर्देशों के बाद उत्पाद विभाग ने शहर के कई इलाकों में ताबड़तोड़ छापेमारी कर बड़े पैमाने पर अवैध शराब का भंडाफोड़ किया है। इस विशेष अभियान के दौरान पुलिस और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने भारी मात्रा में अवैध सामान जब्त किया है।

इन इलाकों में की गई छापेमारी
उत्पाद विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर जमशेदपुर के कई संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी। इनमें मुख्य रूप से एमजीएम थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाला बाराबंकी इलाका, बिरसानगर थाना क्षेत्र के हुरलुंग, नूतनडीह, जेम्को और मणिफीट इलाका शामिल है।
भारी मात्रा में अवैध सामग्री बरामद
छापेमारी के दौरान अवैध शराब के अवैध कारोबार का एक बड़ा नेटवर्क सामने आया। अधिकारियों के अनुसार मौके से कई सामग्रियां जब्त की गई।
390 लीटर अवैध चुलाई शराब
21,000 किलोग्राम जावा महुआ (जिसे शराब बनाने के लिए छिपाकर रखा गया था)
4 गिरफ्तार, 4 अन्य पर फरार मुकदमा दर्ज
इस बड़ी कार्रवाई में प्रशासन ने मौके से कुल 4 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, इस अवैध धंधे में शामिल अन्य 4 आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहे। विभाग द्वारा इन सभी फरार आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
प्रशासन की कड़ी चेतावनी
जिला प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उपायुक्त ने उत्पाद विभाग को निर्देश दिए हैं कि वे शहर में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और भंडारण पर पैनी नजर रखें और संलिप्त लोगों के खिलाफ बिना किसी ढील के सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करें।

