पुलिस थाने में शिकायत दर्ज, फिर भी बेखौफ बदमाशों ने दुकान पर की फायरिंग, लोहरदगा में मची सनसनी

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया : झारखंड के लोहरदगा जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद होते नजर आ रहे हैं। सदर थाना क्षेत्र के हरमू रोड पर एक सीमेंट व्यवसायी को निशाना बनाते हुए बदमाशों ने दुकान पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से स्थानीय कारोबारियों में भारी दहशत का माहौल है। प्रारंभिक जांच में इस घटना के पीछे कुख्यात राहुल सिंह गिरोह का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है।

​व्हाट्सएप पर मिली थी धमकी
​मिली जानकारी के अनुसार हरमू रोड निवासी सीमेंट व्यवसायी राजेंद्र वर्मा को पिछले कुछ दिनों से लगातार निशाना बनाया जा रहा था। घटना से दो दिन पहले उन्हें व्हाट्सएप पर एक धमकी भरा मैसेज मिला था, जिसमें उनसे भारी रंगदारी की मांग की गई थी। लेवी न चुकाने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी गई थी। इस धमकी के बाद व्यवसायी ने तुरंत सदर थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी भी दर्ज की थी।

​सुबह खुला वारदात का राज
​शुक्रवार की रात अज्ञात अपराधियों ने राजेंद्र वर्मा की सीमेंट दुकान के बाहर पहुंचकर फायरिंग की और दहशत फैलाई। रात के समय गोली चलने की आवाज के बाद पुलिस को सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस ने इलाके में गश्त तेज कर दी थी। हालांकि, उस वक्त व्यवसायी और उनके परिवार को घटना की कोई जानकारी नहीं थी। शनिवार की सुबह जब राजेंद्र वर्मा अपनी दुकान खोलने पहुंचे, तब उनकी नजर शटर पर लगे गोली के निशानों पर पड़ी। इसके बाद उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।

पुलिस महकमे में हड़कंप, जांच जारी
​शहरी इलाके में हुई इस सनसनीखेज घटना के बाद पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। लोहरदगा के एसपी सादिक अनवर रिजवी ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस को इस घटना की पूरी जानकारी मिल गई है। पुलिस टीम सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर गहराई से जांच कर रही है और जल्द ही इस मामले का खुलासा कर अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। इस घटना के बाद से शहर के अन्य व्यापारियों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

Share This Article