गढ़वा में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। बैठक में सत्यापन, नए मतदाताओं के निबंधन और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई।
घर-घर पहुंचेंगे BLO
पुनरीक्षण के दौरान मतदाताओं को कार्यालय बुलाने के बजाय BLO घर-घर जाकर जरूरी दस्तावेज प्राप्त करेंगे और BLO App पर अपलोड करेंगे। जरूरत के अनुसार ऑनलाइन सुनवाई और विशेष कैंप की व्यवस्था भी होगी।
अनाथ व्यक्तियों के लिए विशेष प्रावधान
अनाथ व्यक्तियों के सत्यापन और नए निबंधन को लेकर विशेष प्रक्रिया बताई गई। BLO संबंधित पते पर जाकर भारत में जन्म स्थान का सत्यापन करेंगे और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर रिपोर्ट सौंपेंगे।
60 साल से अधिक उम्र वालों के लिए आसान प्रक्रिया
ऐसे वरिष्ठ मतदाता जिनके पास स्वयं का दस्तावेज नहीं है, उनसे उम्र और पते से संबंधित निर्धारित घोषणा पत्र व जरूरी कागजात लिए जाएंगे।
वृद्धाश्रम और Transgender मतदाताओं पर फोकस
वृद्धाश्रम में रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों, Transgender मतदाताओं और अन्य छूटे पात्र नागरिकों के सत्यापन व नए निबंधन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
10 अक्टूबर को हेल्प डेस्क, 12 से 16 तक आउटरीच
10 अक्टूबर को जिले के प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क लगाया जाएगा। वहीं 12 से 16 अक्टूबर तक विशेष आउटरीच कार्यक्रम चलाकर छूटे पात्र नागरिकों को चिन्हित कर मतदाता सूची से जोड़ने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

