विदेश में जान गंवाने वाले प्रवासी मजदूर के परिवार को मिला संबल, झारखंड सरकार ने दिए 5 लाख रुपये

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर:वियतनाम में दुर्भाग्यपूर्ण हादसे का शिकार हुए जमशेदपुर के एक प्रवासी श्रमिक के परिवार को झारखंड सरकार की ओर से बड़ी आर्थिक राहत मिली है। कदमा निवासी दिवंगत विनय राय के पिता रमेश राय को जिला मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त राजीव रंजन ने 5,00,000 रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपा। यह सहायता ‘मुख्यमंत्री झारखंड अंतर्राष्ट्रीय प्रवासी श्रमिक अनुदान योजना’ के तहत प्रदान की गई है। इस कल्याणकारी योजना का मुख्य उद्देश्य राज्य के उन कामगारों के आश्रितों को संबल देना है, जो रोजी-रोटी की तलाश में विदेश गए थे और किसी अनहोनी या दुर्घटना का शिकार होकर असमय काल के गाल में समा गए।

क्या है योजना का उद्देश्य?
​झारखंड सरकार के श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण व कौशल विकास विभाग द्वारा संचालित इस योजना के तहत, विदेश में काम करने के दौरान किसी प्रवासी मजदूर की मृत्यु होने पर उनके कानूनी आश्रित को 5 लाख रुपये की एकमुश्त वित्तीय सहायता दी जाती है। प्रशासन ने इस दुखद घड़ी में पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए हरसंभव प्रशासनिक मदद का भरोसा दिलाया है। संकट के इस दौर में मिली यह सहायता राशि इस शोकाकुल परिवार के लिए एक बड़ा आर्थिक सहारा बनेगी।

Share This Article