बोकारो के बेरमो स्थित जारंगडीह ढोरी माता तीर्थालय का दो दिवसीय वार्षिकोत्सव भव्य शोभायात्रा के साथ शुरू हुआ। इसमें विभिन्न प्रांतों से आए श्रद्धालुओं ने उत्साह और श्रद्धा के साथ भाग लिया।
भक्ति गीतों के बीच निकली शोभायात्रा
शोभायात्रा तीर्थालय से शुरू होकर कथारा-गोमिया मुख्य मार्ग होते हुए जारंगडीह खुली खदान के मुख्य द्वार तक गई और वापस लौटी। बच्चों की पुष्प वर्षा आकर्षण का केंद्र रही।
प्रार्थना और भक्ति से गूंजा परिसर
श्रद्धालुओं ने दो पंक्तियों में खड़े होकर ढोरी माता से प्रार्थना की। इस दौरान “आओ चलें आनंदित होकर प्रभु के प्रांगण में” भक्ति गीत ने माहौल भक्तिमय बना दिया।
धर्माध्यक्ष ने संपन्न कराया मिस्सा अनुष्ठान
डीडी हजारीबाग धर्मप्रांत के धर्माध्यक्ष आनंद जोजो ने मिस्सा पूजा संपन्न कराई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने ढोरी माता के दर्शन किए। कार्यक्रम में कई पुरोहित, सिस्टरें और पल्लीवासी शामिल हुए।
सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
बोकारो थर्मल थाना प्रभारी रोहित कुमार सिंह समेत पुलिसकर्मियों ने सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की। शोभायात्रा और मूर्ति की निगरानी के लिए भारत स्काउट एवं गाइड के सदस्य भी तैनात रहे।

