​300 सीएफटी का चालान, पर 700 सीएफटी बालू! नीमडीह में सीओ की रेड से बालू माफियाओं में हड़कंप

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क।नीमडीह : सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध बालू खनन और ओवरलोड परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी क्रम में नीमडीह के अंचल अधिकारी अभय द्विवेदी के नेतृत्व में आदरडीह स्थित एसएम स्टील परिसर के पास छापेमारी कर बालू लदे छह हाइवा जब्त किए गए। जांच के दौरान प्रत्येक वाहन में लगभग 700 सीएफटी बालू लदा होने की बात सामने आई। प्रशासनिक टीम को देखते ही सभी वाहनों के चालक मौके से फरार हो गए। जब्त वाहनों को नीमडीह थाना पुलिस को सौंप दिया गया है।

अंचल कार्यालय की ओर से जिला खनन पदाधिकारी, सरायकेला-खरसावां को भेजे गए पत्र के अनुसार, 25 अक्टूबर की सुबह 8:23 बजे गश्ती के दौरान एसएम स्टील परिसर के पास बालू लदे वाहनों की जांच की गई। इस दौरान छह हाइवा में निर्धारित मात्रा से अधिक बालू लदे होने की जानकारी मिली। इसके बाद प्रशासन ने नियमानुसार वाहनों को जब्त करने की कार्रवाई की।

300 सीएफटी के चालान पर 700-800 सीएफटी बालू का आरोप

अंचल अधिकारी अभय द्विवेदी ने ओवरलोडिंग पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि 300 सीएफटी के चालान पर 700 से 800 सीएफटी तक बालू ले जाने की शिकायत गंभीर है। इससे सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचने की आशंका है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध खनन और बालू के अवैध परिवहन के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। हालांकि, वाहनों में लदी बालू की वास्तविक मात्रा, चालान और परिवहन की वैधता की पुष्टि जांच के बाद होगी।

छह हाइवा के नंबर दर्ज, खनन विभाग करेगा जांच

जब्त वाहनों के नंबर बीआर08जी5632, सीजी12एस6101, जेएच16ए9226, जेएच02एई2434, जेएच01एएक्स4189 और जेएच02एके2631 हैं। चालकों के फरार होने के बाद वाहनों को एसएम स्टील के सुरक्षा गार्ड की अभिरक्षा में रखा गया। बाद में नीमडीह थाना प्रभारी को सौंप दिया गया। इस संबंध में प्राप्ति रसीद भी लिए जाने का उल्लेख अंचल कार्यालय के पत्र में है।

बालू कहां से आया, होगी जांच

अंचल कार्यालय ने मामले की जानकारी जिला खनन पदाधिकारी को दे दी है। अब खनन विभाग बालू के स्रोत, चालान की वैधता और ओवरलोड परिवहन से जुड़े तथ्यों की जांच करेगा। जांच में यह भी स्पष्ट होगा कि बालू किस घाट से लाया गया था और परिवहन नियमों का उल्लंघन हुआ है या नहीं। इसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एक साथ छह हाइवा जब्त होने से क्षेत्र में बालू के परिवहन और भंडारण को लेकर सवाल उठने लगे हैं। अब सबकी नजर खनन विभाग की जांच और उसकी रिपोर्ट पर टिकी है।

Share This Article