पश्चिम बर्धमान जिले के पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र स्थित ईसीएल की कुमारडीही कोयला खदान में सोमवार रात डोली में तकनीकी खराबी आने से 12 श्रमिक खदान के भीतर फंस गए।
करीब साढ़े 12 घंटे तक चले बचाव अभियान के बाद मंगलवार सुबह लगभग 5:30 बजे सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
डोली का इंजन ड्रम खराब, बीच रास्ते में रुकी
जानकारी के अनुसार, श्रमिकों के आवागमन में इस्तेमाल होने वाली डोली के इंजन ड्रम के तार में खराबी आ गई, जिससे वह बीच रास्ते में रुक गई। इस कारण 12 मजदूर करीब 200 फीट की गहराई में फंस गए।
सेफ्टी और मैकेनिकल टीम ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही ईसीएल की सेफ्टी और मैकेनिकल टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। लगातार प्रयासों के बाद सभी श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
सभी मजदूर सुरक्षित, चिकित्सकीय जांच के लिए भेजे गए
ईसीएल प्रबंधन के अनुसार, सभी श्रमिक सुरक्षित हैं। एहतियात के तौर पर उन्हें चिकित्सकीय जांच के लिए अस्पताल भेजा गया।
घटना की जानकारी मिलने पर भाजपा विधायक जितेंद्र तिवारी भी मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान की जानकारी ली।
सुरक्षा व्यवस्था और रखरखाव पर उठे सवाल
विधायक जितेंद्र तिवारी ने घटना की निष्पक्ष जांच कराने और लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदारी तय करने की जरूरत बताई। वहीं, श्रमिकों ने मशीनों और तारों की नियमित जांच को लेकर सवाल उठाए हैं।
घटना के बाद खदान में सुरक्षा मानकों की समीक्षा और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की जा रही है।

