देवघर के डिगरिया पहाड़ पर संदिग्ध हालात में मिला महिला का शव, पैर बंधे होने से हत्या की आशंका

Reena Sharma
2 Min Read

देवघर। देवघर-चकाई पथ स्थित डिगरिया पहाड़ पर करीब 35 वर्षीय अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

महिला का पैर बंधा हुआ था, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही जसीडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

सड़क से 35 फीट ऊंचाई पर मिला शव

मामला जसीडीह थाना क्षेत्र के डिगरिया पहाड़ का है। यहां सड़क से करीब 35 फीट ऊंचाई पर महिला का शव बरामद किया गया। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।

दो से तीन दिन पुराना होने की आशंका

शव से दुर्गंध आने के कारण आशंका जताई जा रही है कि महिला की मौत दो से तीन दिन पहले हुई होगी। हालांकि, मौत का सही समय जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

घटनास्थल पर मिली खैनी की पुड़िया और पानी की बोतल

पुलिस को घटनास्थल से खैनी की पुड़िया और पानी की बोतल भी मिली है। महिला की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है।

हत्या या दूसरी वजह, जांच में जुटी पुलिस

महिला का पैर बंधा होने के कारण हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के कारणों की अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि महिला की हत्या की गई या उसकी मौत के पीछे कोई दूसरी वजह है।

Share This Article