शहर के गोबरसही इलाके में भूमिगत गैस पाइपलाइन फटने से भीषण हादसा हो गया है। पाइपलाइन फटने के बाद हुए जोरदार धमाके से पांच लोगों की मौत होने की आशंका जताई जा रही है। वहीं, एक दर्जन लोग घायल हैं। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। अप्रत्याशित घटना के बाद पूरे गोबरसही और आसपास के मोहल्लों में भारी अफरातफरी मच गई है। धमाके की आवाज सुनते ही लोग दहशत में अपने घरों से बाहर निकल आए।
गैस रिसाव और आग के खतरे से दहशत
गैस रिसाव और आग लगने के खतरे को देखते हुए आसपास की बस्तियों में चीख-पुकार मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। इलाके में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है।
गोबरसही चौक और संपर्क मार्गों पर भारी भीड़
घटना की सूचना मिलते ही शहर के अन्य हिस्सों से भी बड़ी संख्या में लोग मौके की ओर पहुंचने लगे। गोबरसही चौक और संपर्क मार्गों पर भारी भीड़ जमा हो गई है, जिससे राहत और बचाव कार्यों में रुकावट आ रही है।
पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर
हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। सभी टीमें स्थिति को नियंत्रित करने और लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने में जुटी हैं।
घायलों को अस्पताल पहुंचाने का काम जारी
पुलिस और स्थानीय लोग मिलकर घायलों को अस्पताल पहुंचा रहे हैं। हादसे में करीब एक दर्जन लोगों के घायल होने की जानकारी है। वहीं, पांच लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है। राहत और बचाव कार्य जारी है।

