बरोरा में अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ ग्रामीणों का हल्लाबोल, पुलिस-प्रशासन को दी बड़े हादसे की चेतावनी

Reena Sharma
2 Min Read

अवैध कोयला कारोबार पर रोक लगाने की मांग

धनबाद जिले के बरोरा थाना क्षेत्र में कथित अवैध कोयला कारोबार को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आया है। मंदरा स्थित शिव मंदिर में बरोरा ग्रामीण एकता मंच की ओर से आयोजित प्रेस वार्ता में ग्रामीणों ने इलाके में चल रहे अवैध कोयला कारोबार का जोरदार विरोध किया। उन्होंने पुलिस और प्रशासन से इस कारोबार पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।

कई इलाकों में अवैध कारोबार संचालित होने का आरोप

प्रेस वार्ता में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मांदरा सहित गनेशपुर, जोगीडीह, कर्नल पब्लिक स्कूल के बगल और दलाहीबांध के समीप अवैध कोयला कारोबार संचालित हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि मांदरा में इस कारोबार को लेकर आए दिन मारपीट और विवाद की घटनाएं होती रहती हैं। गोली और बम चलने जैसी घटनाओं के कारण इलाके में दहशत का माहौल बना रहता है।

बड़ी घटना की आशंका से ग्रामीणों में चिंता

ग्रामीणों ने छताबाद और बाघमारा में पूर्व में हुई घटनाओं का हवाला देते हुए आशंका जताई कि यदि समय रहते अवैध कारोबार पर लगाम नहीं लगाई गई, तो भविष्य में कोई बड़ी घटना हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल उचित कदम उठाने की अपील की।

मुखिया के परिजनों पर भी लगाए आरोप

वहीं, ग्रामीणों ने मांदरा की मुखिया ललिता देवी के पति और बेटे पर भी कथित रूप से अवैध कोयला कारोबार में शामिल होने का आरोप लगाया। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

प्रेस वार्ता में कन्हैया चौहान, सन्नी चौहान, रवीन्द्र चौहान, डीके चौहान, निक्कू चौहान, महेश चौहान, सुजीत गुप्ता और जगन्नाथ यादव समेत सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। अब देखना होगा कि पुलिस और प्रशासन इन आरोपों पर क्या कार्रवाई करते हैं।

Share This Article