गया में जदयू संगठन को मजबूत करने की बड़ी तैयारी, विशाल शाह ने बूथ स्तर तक विस्तार का बनाया लक्ष्य

Reena Sharma
4 Min Read

बिहार में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के संगठन को त्रिस्तरीय और मजबूत बनाने की कवायद तेज हो गई है। इसी कड़ी में गया जिला मुख्यालय में जदयू व्यवसायिक प्रकोष्ठ की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे जदयू व्यवसायिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सह नरकटिया विधायक विशाल कुमार ने की।

इस दौरान उन्होंने कहा कि पार्टी का मुख्य उद्देश्य गया जिले में व्यवसायिक प्रकोष्ठ को सशक्त और मजबूत बनाना है। बैठक में प्रदेश महासचिव चंदन सिंह और गया जिला जदयू अध्यक्ष अजय कुशवाहा समेत जिलेभर के कई प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे।

नए सिरे से होगा संगठन का पुनर्गठन

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष विशाल शाह ने कहा कि वह संगठन की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करने के लिए गया पहुंचे हैं। गया जिले में जदयू का संगठन 24 प्रखंडों और सभी पंचायतों में मजबूत स्थिति में है। पार्टी के कुल 13 प्रकोष्ठों में व्यवसायिक प्रकोष्ठ भी अहम भूमिका निभा रहा है।

उन्होंने घोषणा की कि संगठन के विस्तार और मजबूती के लिए आने वाले समय में गया जिला जदयू व्यवसायिक प्रकोष्ठ के पदों पर नए सिरे से नियुक्तियां की जाएंगी। साथ ही पूरे प्रदेश संगठन का भी नए रूप में पुनर्गठन किया जाएगा।

विपक्ष के हंगामे और सियासी बयानों पर साधा निशाना

विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे विभिन्न मुद्दों और हालिया सियासी बयानों पर प्रदेश अध्यक्ष विशाल शाह ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि जो लोग छह साल के भीतर वापसी जैसे सवाल उठा रहे हैं, उनका जवाब जनता और पार्टी नेतृत्व समय आने पर देगा। विपक्षी दलों के प्रदर्शन पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष में भारी छटपटाहट है।

लोकतांत्रिक तरीके से सरकार को चुनौती देने में असमर्थ होने के कारण वे माहौल खराब करने और आम जनता को बरगलाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि 2014 से 2026 तक विभिन्न चुनावों में विपक्ष को लगातार हार का सामना करना पड़ा है और बिहार की जनता उनकी कार्यशैली समझ चुकी है।

वोटर लिस्ट के आरोपों को बताया निराधार

विपक्ष की ओर से वोटर लिस्ट से नाम गायब होने और धांधली के लगाए जा रहे आरोपों पर जदयू नेताओं ने पलटवार किया। उन्होंने चुनाव आयोग को संवैधानिक और जिम्मेदार संस्था बताते हुए कहा कि वह निष्पक्ष रूप से अपना काम कर रहा है। वोटर लिस्ट से जिन लोगों के नाम हटे हैं, उनमें अधिकांश ऐसे लोग हैं जिन्होंने अपना पता बदल लिया था और समय पर फॉर्म-6 नहीं भरा था। मृत व्यक्तियों के नाम भी नियमानुसार हटाए जाते हैं।

वहीं प्रदेश महासचिव चंदन सिंह ने कहा कि समीक्षा बैठक में संगठन से जुड़े सभी बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा, ताकि मजबूती बूथ स्तर तक पहुंचे। जिला अध्यक्ष अजय कुशवाहा ने भी बैठक को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि समीक्षा के बाद लिए गए निर्णयों का सख्ती से अनुपालन कराया जाएगा।

Share This Article