मेदिनीनगर को जाम से मिलेगी मुक्ति? ट्रैफिक थाना और DSP की मांग लेकर DIG के दरबार पहुंचे अमित जायसवाल, सौंपा मांग पत्र

Reena Sharma
3 Min Read

मेदिनीनगर। पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर में लगातार बढ़ रही यातायात अव्यवस्था और जाम की समस्या को देखते हुए अब अलग से ट्रैफिक थाना और ट्रैफिक डीएसपी की पदस्थापना की मांग तेज हो गई है। शहर के लोगों, व्यवसायियों और आम नागरिकों की परेशानियों को देखते हुए इस दिशा में पहल की गई है।

इसी कड़ी में छतरपुर-पूर्वी के जिला पार्षद सह फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (FJCCI) के पलामू प्रमंडलीय क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अमित कुमार जायसवाल ने पलामू प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG), मेदिनीनगर को मांग पत्र सौंपा है।

शहर में बढ़ते जाम से आम लोग परेशान

पत्रांक संख्या 03, दिनांक 02-11-26 के माध्यम से प्रेषित मांग पत्र में अमित जायसवाल ने पलामू की यातायात समस्याओं का विस्तार से जिक्र किया है। उन्होंने कहा कि पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर का लगातार विस्तार हो रहा है।

शहर की आबादी में वृद्धि, वाहनों की बढ़ती संख्या, अव्यवस्थित पार्किंग, अतिक्रमण और यातायात प्रबंधन की कमी के कारण आम नागरिकों, स्कूली बच्चों, मरीजों और व्यवसायियों को आए दिन घंटों जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है।

मुख्य चौक-चौराहों पर जाम बना रोज की परेशानी

उन्होंने बताया कि खासकर मुख्य बाजार, छह मुहान चौक, बैरिया चौक, बस स्टैंड, अस्पताल चौक, कचहरी और स्कूल-कॉलेज के आसपास सुबह-शाम जाम लगना आम बात हो गई है। त्योहारों और बाजार के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

ट्रैफिक थाना और डीएसपी की पदस्थापना जरूरी

अमित जायसवाल ने मांग पत्र में कहा कि वर्तमान व्यवस्था में यातायात से जुड़ी समस्याओं का प्रभावी, पारदर्शी और त्वरित समाधान नहीं हो पा रहा है। जिले में सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने, सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने, यातायात नियमों का सख्ती से अनुपालन कराने, नो पार्किंग में खड़े वाहनों पर कार्रवाई करने और चालान प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए अलग ट्रैफिक थाना स्थापित करना आवश्यक हो गया है।

उन्होंने पलामू DIG से जिले में अविलंब ट्रैफिक थाना की स्थापना और एक ट्रैफिक डीएसपी की पदस्थापना सुनिश्चित करने की दिशा में आवश्यक पहल करने का आग्रह किया।

व्यवसायियों और गणमान्य लोगों ने किया समर्थन

मांग पत्र सौंपने के दौरान पलामू चेंबर के उपाध्यक्ष कृष्णा अग्रवाल, पंकज जायसवाल, अंशुल उदयपुरिया सहित अन्य व्यवसायी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में ट्रैफिक थाना और ट्रैफिक डीएसपी की पदस्थापना की मांग का समर्थन किया।

जाम से राहत और सड़क सुरक्षा में सुधार की उम्मीद

अमित जायसवाल ने कहा कि ट्रैफिक थाना और ट्रैफिक डीएसपी की पदस्थापना से शहर की यातायात व्यवस्था व्यवस्थित होगी, सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी और जाम की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि DIG जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय पर सकारात्मक पहल करेंगे।

Share This Article