साइबर ठगी का जाल उत्तर प्रदेश से लेकर झारखंड के धनबाद तक फैला हुआ है। लखनऊ पुलिस ने धनबाद में छापेमारी कर एक कथित साइबर ठग को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विवेक प्रताप सिंह के रूप में हुई है, जो धनबाद के लॉ कॉलेज गली नंबर-2, बालाजी नगर के समीप का रहने वाला बताया जा रहा है।
पूलिस के मुताबिक, आरोपी बैंक मैनेजर बनकर लोगों को फोन करता था और क्रेडिट कार्ड के नाम पर APK फाइल भेजकर ठगी करता था। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आरोपी पर 35 लाख रुपये से अधिक की ठगी का आरोप है। पुलिस ने उसके पास से एक लाख 23 हज़ार रुपये नकद, 8 ATM कार्ड, 11 SIM कार्ड और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
बताया जा रहा है कि विवेक प्रताप सिंह उत्तर प्रदेश के कई लोगों को अपना शिकार बना चुका है। ठगी के लिए वह खुद को बैंक मैनेजर बताता था और लोगों को क्रेडिट कार्ड से जुड़ी सुविधाओं का झांसा देता था। इसके बाद APK फाइल भेजकर उनके साथ साइबर फ्रॉड को अंजाम देता था।
लखनऊ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को धनबाद से गिरफ्तार किया और बरामद सामान जब्त कर अपने साथ ले गई। वहीं, इस पूरे नेटवर्क में अन्य लोगों के भी शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। माना जा रहा है कि पूछताछ में साइबर ठगी के इस नेटवर्क से जुड़े कई और अहम खुलासे हो सकते हैं।
फिलहाल लखनऊ पुलिस की कार्रवाई के बाद अब इस बात की जांच की जा रही है कि साइबर ठगी के इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं और अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया गया है।

