जमुई। दीपावली का असली उत्सव दूसरों के जीवन में खुशियां बांटने में है। इसी संदेश के साथ बुधवार को मिलेनियम स्टार फाउंडेशन एवं आरंभ प्ले स्कूल, खैरमा, जमुई के संयुक्त तत्वावधान में पत्नेश्वर धाम मंदिर के समीप स्थित पतौना महादलित टोला में दिवाली दान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय के नन्हे बच्चों ने बुजुर्गों और जरूरतमंद परिवारों के बीच कपड़े, खिलौने और चॉकलेट वितरित किए। बच्चों की इस पहल से जरूरतमंदों के चेहरों पर मुस्कान देखने को मिली।
बच्चों की पहल से जरूरतमंद परिवारों में बंटी खुशियां
कार्यक्रम में मिलेनियम स्टार फाउंडेशन के संस्थापक-अध्यक्ष सुशांत साईं सुंदरम, जिलाध्यक्ष अभिषेक कुमार झा, पत्नेश्वर धाम मंदिर के पुजारी राजीव पांडेय, मलयपुर थाना की अवर निरीक्षक स्वाति कुमारी, वरिष्ठ पत्रकार अभिषेक कुमार सिन्हा और फाउंडेशन की स्वयंसेविका प्रिया कुमारी उपस्थित रहीं विद्यालय की शिक्षिकाओं एवं कर्मियों ने भी कार्यक्रम में सहयोग किया।
शिक्षा के साथ बच्चों में मानवता का संस्कार जरूरी
विद्यालय की प्राचार्या साधना कुमारी ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों को एक अच्छा इंसान बनाना भी है। छोटी उम्र से ही बच्चों में दूसरों की मदद करने, प्रेम और संवेदना की भावना विकसित करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि खुशियां बांटने से बढ़ती हैं और दूसरों की मदद करना ही इंसानियत का सच्चा पाठ है।
शिक्षिकाओं और अभिभावकों ने भी निभाई अहम भूमिका
इस पहल में शिक्षिका प्राची वर्णवाल एवं आयुषी कुमारी तथा अभिभावक ज्योति सिंह और सूरज पासवान का विशेष सहयोग रहा। सभी ने मिलकर कार्यक्रम को सफल बनाने में अपनी भूमिका निभाई।
नन्हे बच्चों ने दिया प्रेम और सहयोग का संदेश
दिवाली दान कार्यक्रम के माध्यम से नन्हे बच्चों ने जरूरतमंद परिवारों के बीच खुशियां बांटकर समाज को मानवता, सहयोग और प्रेम का संदेश दिया। बच्चों की इस छोटी-सी पहल ने दीपावली के त्योहार को जरूरतमंदों के लिए भी खास बना दिया।

