हजारीबाग: जिले में अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राहुल दुबे गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधी की निशानदेही पर हथियार बरामद करने गई पुलिस टीम पर उसने अचानक फायरिंग कर दी।
इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें अपराधी के बाएं पैर में गोली लगी। घायल अपराधी को इलाज के लिए सदर अस्पताल हजारीबाग में भर्ती कराया गया है। गिरफ्तार अपराधी की पहचान 22 वर्षीय अंशु दुबे के रूप में हुई है, जो गढ़वा जिले का रहने वाला है।
उरीमारी में सुरक्षाकर्मी पर हुई थी जानलेवा फायरिंग
दरअसल, बीते 26 और 27 अक्टूबर की मध्यरात्रि करीब 12:30 बजे उरीमारी स्थित सैनिक माइनिंग कंपनी के गेट पर तैनात निजी सुरक्षाकर्मी पर अपराधियों ने जान मारने की नीयत से गोलीबारी की थी। बताया गया कि रंगदारी नहीं देने के कारण
राहुल दुबे गिरोह के सदस्यों ने इस घटना को अंजाम दिया था। गोली लगने से सुरक्षाकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसका इलाज रांची के अस्पताल में चल रहा है। घटनास्थल पर गिरोह का पर्चा भी फेंका गया था।
एसआईटी की जांच में सामने आया अंशु दुबे का नाम
मामले की गंभीरता को देखते हुए हजारीबाग पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बड़कागांव एसडीपीओ अमित आनंद के नेतृत्व में विशेष जांच टीम यानी एसआईटी का गठन किया गया। अनुसंधान के दौरान राहुल दुबे गिरोह के सक्रिय सदस्य अंशु दुबे की संलिप्तता सामने आई।
पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की और बताया कि वारदात में इस्तेमाल हथियार तथा गिरोह के पर्चे करमाटिला जंगल में छिपाकर रखे गए हैं।
हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस टीम पर की फायरिंग
इसके बाद पुलिस टीम अंशु दुबे को लेकर हथियार बरामद करने करमाटिला जंगल पहुंची। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस जवानों को धक्का देकर छिपाकर रखे गए हथियार से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी गोली चलाई, जिसमें अंशु दुबे के बाएं पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए सदर अस्पताल हजारीबाग लाया गया।
पिस्टल, कारतूस और गिरोह के पर्चे बरामद
पुलिस ने आरोपी के पास से 7.62 एमएम का एक पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा, राहुल दुबे गिरोह के दो पर्चे और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
संगठित अपराध और रंगदारी के खिलाफ अभियान जारी
हजारीबाग पुलिस का कहना है कि जिले में संगठित अपराध और रंगदारी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई को राहुल दुबे गिरोह के खिलाफ एक बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।

