देवघर में फिल्मी अंदाज में ट्रक लूट का खुलासा! फर्जी पुलिसकर्मी बनकर दिया था वारदात को अंजाम, दो आरोपी गिरफ्तार

Reena Sharma
3 Min Read

देवघर। देवघर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मोहनपुर थाना क्षेत्र में तार लदे ट्रक की लूट के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर लूटा गया ट्रक और वारदात में इस्तेमाल की गई इनोवा कार भी बरामद कर ली गई है। इस कार्रवाई से पुलिस ने लूटकांड में शामिल अपराधियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की है।

खुद को पुलिसकर्मी बताकर लूटा था तार लदा ट्रक

दरअसल, 5 नवंबर 2026 की सुबह करीब 7 बजे कुछ अपराधियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर तार लदे ट्रक को रोक लिया। अपराधियों ने ट्रक के कागजात जांचने के बहाने चालक और खलासी को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद ट्रक मालिक से पैसों की मांग की गई और अपराधी ट्रक को लेकर फरार हो गए।

ट्रक मालिक की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला

घटना के बाद ट्रक मालिक रमेश्वर ने मोहनपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। जिसके आधार पर मोहनपुर थाना कांड संख्या 178/2026 दर्ज किया गया।

SIT का गठन कर पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए देवघर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष SIT टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कांड में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

दो आरोपी गिरफ्तार, जसीडीह के मानिकपुर के रहने वाले हैं दोनों

गिरफ्तार आरोपियों में मुकेश कुमार राय, उम्र करीब 45 वर्ष और कैलाशपति मिश्रा, उम्र करीब 35 वर्ष शामिल हैं। दोनों वर्तमान में जसीडीह थाना क्षेत्र के मानिकपुर के रहने वाले बताए गए हैं।

लूटा गया ट्रक, इनोवा कार और दो मोबाइल बरामद

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लूटा गया ट्रक, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर DL-01LAH-4721 है, तथा घटना में इस्तेमाल की गई इनोवा कार, जिसका नंबर JH15AF-0051 है, बरामद की है। इसके अलावा दो मोबाइल फोन भी पुलिस ने जब्त किए हैं।

इस पूरी कार्रवाई में एसडीपीओ सदर कुलदीप कुमार के नेतृत्व में मोहनपुर थाना प्रभारी संदीप कृष्णा समेत पुलिस टीम के अन्य पदाधिकारी और जवान शामिल रहे।

Share This Article