डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: आगरा एक्सप्रेसवे पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। रेवाड़ी (राजस्थान) से छपरा (बिहार जा रही एक प्राइवेट बस अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए करीब 25 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 35 लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं। हैरान करने वाली बात यह है कि 41 सीटर इस बस में क्षमता से कहीं अधिक, बच्चों समेत लगभग 65 यात्री सवार थे।
मची चीख-पुकार, 35 मिनट चला रेस्क्यू ऑपरेशन
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा सोमवार सुबह करीब सात बजे ‘जीरो पॉइंट मोहन’ के पास हुआ। बस के पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। कई यात्री बुरी तरह से एक-दूसरे के ऊपर जा गिरे और कुछ बस के भीतर ही फंस गए।
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तत्परता के साथ मौके पर पहुंची। मुख्य अग्निशमन अधिकारी अंकुश मित्तल के निर्देशन में आलमबाग, सरोजनीनगर और हजरतगंज से अत्याधुनिक रेस्क्यू वाहनों को तुरंत रवाना किया गया। दमकल कर्मियों और पुलिस ने विशेष उपकरणों की मदद से बस में फंसे 15-16 यात्रियों (जिसमें एक छोटा बच्चा भी शामिल था) को सुरक्षित बाहर निकाला। यह पूरा राहत और बचाव अभियान करीब 35 मिनट तक चला।
घायलों में सात की हालत नाजुक
पश्चिमी क्षेत्र के पुलिस उपायुक्त जितेन्द्र श्रीवास्तव ने बताया कि दुर्घटना में घायल हुए 35 से ज्यादा यात्रियों को तुरंत नजदीकी लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया गया।
इनमें से 7 गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए केजीएमयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है। हादसे में जान गंवाने वाले तीन लोगों में से दो की पहचान छपरा (बिहार) निवासी 63 वर्षीय शंकर रज्जक और 43 वर्षीय शामली राय के रूप में हुई है, जबकि तीसरे मृतक (लगभग 35 वर्ष) की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और पुलिस आयुक्त तरुण गाबा ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना।
परिवहन विभाग ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही आरटीओ प्रवर्तन प्रभात पांडेय और एआरटीओ प्रवर्तन आलोक कुमार यादव भी घटनास्थल पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बस का बीमा, फिटनेस और प्रदूषण प्रमाण पत्र तो वैध था, लेकिन बस की निर्धारित यात्री क्षमता केवल 41 सीटों की थी। इसके बावजूद उसमें तय सीमा से काफी ज्यादा लोगों को ठूंसकर बैठाया गया था। फिलहाल, परिवहन विभाग बस के परमिट और इस बात की गहराई से जांच कर रहा है कि आखिर कैसे इतनी बड़ी लापरवाही के साथ यह बस एक्सप्रेसवे पर फर्राटा भर रही थी।

