छठ में बंद घरों को बनाया निशाना, गया पुलिस ने चोरी करने वाले गिरोह के आठ सदस्यों को दबोचा

Reena Sharma
2 Min Read

गया। गया पुलिस ने छठ पूजा के दौरान बंद घरों को निशाना बनाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में आठ अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी में इस्तेमाल की गयी एक कार, दो मोटरसाइकिल, पांच मोबाइल फोन और चोरी किये गये सोने-चांदी के आभूषण समेत अन्य सामान बरामद किये गये हैं। बरामद सामान में 6.5 ग्राम सोने का गलाया हुआ टुकड़ा और करीब 20.30 ग्राम चांदी का गलाया हुआ टुकड़ा भी शामिल है।

प्रेसवार्ता में एसएसपी ने दी घटना की जानकारी

वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि छठ पूजा के अवसर पर पीड़ित परिवार अपने रिश्तेदारों के यहां गया हुआ था। इसी दौरान ग्रामीणों ने सूचना दी कि उनके घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। घर पहुंचने पर पता चला कि अज्ञात चोरों ने सोना, चांदी, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया है।

विशेष टीम गठित कर शुरू की गयी छापेमारी

घटना की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में वजीरगंज डीएसपी और मुफस्सिल थानाध्यक्ष समेत अन्य पुलिसकर्मियों की विशेष टीम गठित की गयी। टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्यों और सूचना के आधार पर छापेमारी की गयी। इस कार्रवाई में आठ अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार की संलिप्तता

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अभियुक्तों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उन्होंने बताया कि सभी ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था।

कार, बाइक, मोबाइल और आभूषण बरामद

पुलिस ने आरोपितों के पास से चोरी में इस्तेमाल एक कार, दो मोटरसाइकिल, पांच मोबाइल फोन और सोने-चांदी के बरामद आभूषण समेत अन्य सामान जब्त किये हैं। बरामद सामान में सोने और चांदी के गलाये हुए टुकड़े भी शामिल हैं।

Share This Article