पटना। राजधानी में साइबर ठगी के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए पटना एसटीएफ, साइबर पुलिस और स्थानीय थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बुधवार को एक साथ तीन अपार्टमेंट में छापेमारी की। राजा बाजार, बोरिंग रोड और पत्रकार नगर स्थित अपार्टमेंट में चल रही इस कार्रवाई के दौरान करीब 30 से 32 लोगों को हिरासत में लिए जाने की सूचना है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी बरामद किये हैं। हालांकि, हिरासत में लिये गये लोगों की पहचान और उनकी भूमिका को लेकर पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गयी है।
गुप्त सूचना पर तीन ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि साइबर ठगी से जुड़े संदिग्ध अपार्टमेंट में ठिकाना बनाकर संगठित तरीके से ठगी का नेटवर्क चला रहे हैं। इसके बाद अधिकारियों ने तीनों स्थानों पर एक साथ छापेमारी की योजना बनायी। कार्रवाई में 30 से अधिक पुलिसकर्मियों को लगाया गया है। टीम में एसडीपीओ स्तर के अधिकारी भी शामिल हैं।
राजा बाजार, बोरिंग रोड और पत्रकार नगर में छापेमारी
पुलिस की पहली टीम राजा बाजार स्थित मछली गली के सुशीला रेजिडेंसी अपार्टमेंट पहुंची। यहां करीब 30 से 40 पुलिसकर्मियों ने जांच शुरू की। दूसरी टीम बोरिंग रोड की मोंटेसरी गली स्थित मेरिडियन अपार्टमेंट में छानबीन कर रही है। वहीं, तीसरी टीम पत्रकार नगर स्थित साईं कुसुम इनफिनिटी अपार्टमेंट में कार्रवाई कर रही है।
दस्तावेज और साक्ष्य खंगाल रही पुलिस
तीनों जगहों पर पुलिस संदिग्धों से पूछताछ करने के साथ ही साइबर ठगी से जुड़े दस्तावेज और अन्य साक्ष्य खंगाल रही है। बरामद दस्तावेजों की जांच से ठगी के नेटवर्क के संचालन और इसमें शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटाने की कोशिश की जा रही है।
पूछताछ के बाद नेटवर्क के खुलासे की उम्मीद
फिलहाल तीनों ठिकानों पर पुलिस की कार्रवाई जारी है। हिरासत में लिये गये लोगों से पूछताछ के बाद साइबर ठगी के नेटवर्क, उसके वित्तीय लेन-देन और दूसरे राज्यों से जुड़े तारों का खुलासा होने की संभावना है। हालांकि, पुलिस की आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

