ऑपरेशन आहट में मानव तस्करी का खुलासा, धनबाद स्टेशन पर दो नाबालिगों का रेस्क्यू; एक आरोपी गिरफ्तार

Reena Sharma
3 Min Read

धनबाद। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और अपराध आसूचना शाखा (सीआईबी) धनबाद की संयुक्त टीम ने ऑपरेशन आहट के तहत कार्रवाई करते हुए दो नाबालिग बच्चों का रेस्क्यू किया है। इस दौरान मानव तस्करी के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। घटना 18 नवंबर 2026 की है। धनबाद स्टेशन पर ट्रेन संख्या 13351 धनबाद-अलप्पुझा एक्सप्रेस के समय आपराधिक गतिविधियों की निगरानी के दौरान एक व्यक्ति दो नाबालिग बच्चों के साथ संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। पूछताछ में उसकी पहचान मुमताज आलम (29 वर्ष), निवासी नवाडीह, थाना कर्माटांड, जिला जामताड़ा के रूप में हुई। उसने बताया कि वह दोनों बच्चों को मजदूरी के लिए काटपाड़ी जंक्शन भेजने के लिए ट्रेन में बैठाने आया था।

पूछताछ में मजदूरी के नाम पर बाहर भेजने का खुलासा

दोनों नाबालिगों की पहचान विक्रम बाउरी और सूरज दास, दोनों निवासी कर्माडीह, थाना कर्माटांड, जिला जामताड़ा के रूप में हुई। बच्चों ने बताया कि उन्हें काटपाड़ी में मजदूरी करने के लिए भेजा जा रहा था, जहां निर्माणाधीन ऊंची इमारतों में जोखिम भरा काम कराया जाता है। उन्होंने बताया कि मुमताज आलम उनके पड़ोस के गांव का रहने वाला है और लोगों को मजदूरी के लिए बाहर भेजता है। इसी कारण उसके कहने पर वे बाहर जाने के लिए तैयार हो गये थे।

कमीशन लेकर मजदूरी के लिए भेजता था आरोपी

पूछताछ के दौरान मुमताज आलम ने बताया कि वह बच्चों से मजदूरी कराने के लिए काटपाड़ी में जरूरतमंद लोगों के पास भेजता था। इसके बदले उसे अलग से कमीशन मिलता था। मामले को मानव तस्करी से जुड़ा पाये जाने पर आरपीएफ और सीआईबी की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर दोनों नाबालिगों को रेस्क्यू किया। इसके बाद अग्रिम कार्रवाई के लिए तीनों को जीआरपी धनबाद के सुपुर्द कर दिया गया।

जीआरपी में दर्ज हुआ मामला, जब्त किये गये सामान

जीआरपी धनबाद में कांड संख्या 187/2026, दिनांक 18 नवंबर 2026 के तहत बीएनएस की धारा 143(5), 336(3) और 340(2) में मामला दर्ज किया गया है। मामले के अनुसंधान की जिम्मेदारी उप निरीक्षक सिद्धेश्वरी बिरूली, राजकीय रेल थाना धनबाद को सौंपी गयी है। कार्रवाई के दौरान दो सामान्य श्रेणी के यात्रा टिकट (धनबाद से काटपाड़ी जंक्शन), एक प्लेटफॉर्म टिकट, दो मोबाइल फोन, तीन आधार कार्ड और 14 हजार रुपये नकद जब्त किये गये।

संयुक्त टीम ने चलाया अभियान

इस कार्रवाई में एसआई प्रशांत कुमार, एएसआई विनोद सिंह, एएसआई शशिकांत तिवारी, कांस्टेबल अनिल कुमार, संजीव कुमार, प्रमोद कुमार और विकास कुमार शामिल थे। सभी ने संयुक्त रूप से स्टेशन पर निगरानी और कार्रवाई को अंजाम दिया।

Share This Article