बाघमारा। अवैध खनन, कोयला चोरी एवं अवैध कोयला संग्रहण की रोकथाम के लिए बुधवार को सीआईएसएफ की ओर से विशेष अभियान चलाया गया। इसके तहत कुल 14 संवेदनशील स्थलों पर छापेमारी एवं सघन तलाशी अभियान चलाया गया। इसके अलावा दो खुले एस्केप रूट को बंद किया गया तथा विभिन्न क्षेत्रों में नाका लगाकर कुल 110 वाहनों की जांच की गयी।
बरोरा क्षेत्र में एस्केप रूट को किया बंद
बरोरा क्षेत्र के एरिया-1 डेको पैच माइंस के ऊपर हाई वॉल से आशाकोठी की ओर जाने वाले खुले एस्केप रूट को बीसीसीएल प्रबंधन के सहयोग से बंद कर दिया गया। इसके लिए ट्रेंच कटिंग और ओवरबर्डन (ओबी) डालने की कार्रवाई की गयी।
कतरास क्षेत्र में भी हुई कार्रवाई
कतरास क्षेत्र के एरिया-4 में सिजुआ बस्ती से भूमि माइंस जाने वाले मार्ग पर स्थित खुले एस्केप रूट को बीसीसीएल प्रबंधन के सहयोग से बंद कर दिया गया। इस कार्रवाई का उद्देश्य अवैध खनन और कोयला चोरी से जुड़े रास्तों पर रोक लगाना है।
ड्रोन से संवेदनशील स्थलों की हवाई निगरानी
सिजुआ क्षेत्र के एरिया-5 में ड्रोन के माध्यम से खदानों एवं पूर्व में चिह्नित संवेदनशील हॉटस्पॉट स्थलों की हवाई निगरानी की गयी। इसके जरिए अवैध खनन एवं कोयले के अवैध भंडारण जैसी गतिविधियों पर प्रभावी नजर रखने का प्रयास किया गया।
जीरो कोल लीकेज पॉलिसी के तहत अभियान जारी
भारत सरकार की ‘जीरो कोल लीकेज टॉलरेंस पॉलिसी’ के तहत सीआईएसएफ यूनिट, बीसीसीएल धनबाद की ओर से कोयला चोरी एवं अवैध खनन की रोकथाम के लिए लगातार अभियान चलाये जा रहे हैं।
इसके तहत गश्त, ड्रोन सर्विलांस, क्यूआरटी/एसआरटी की तैनाती, छापेमारी एवं वाहन जांच की जा रही है। इन गतिविधियों को बीसीसीएल प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन के समन्वय से संचालित किया जा रहा है।

