डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत जुगीलोंग गांव में अवैध महुआ शराब का कारोबार कथित तौर पर धड़ल्ले से चल रहा है। गांव में जगह-जगह संचालित दर्जनों अवैध भट्ठियों में दिन-रात शराब की चुलाई होने की बात सामने आ रही है। ग्रामीणों के अनुसार, यह अवैध कारोबार अब कुटीर उद्योग का रूप ले चुका है। इसके बावजूद पुलिस और उत्पाद विभाग की प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से कारोबारियों के हौसले बुलंद हैं।
बताया जाता है कि जुगीलोंग में तैयार महुआ शराब की रोजाना हजारों लीटर खेप मोटरसाइकिल के जरिए नीमडीह, चांडिल और तिरुलडीह थाना क्षेत्रों के विभिन्न गांवों में पहुंचाई जाती है। सुबह करीब चार बजे से ही आपूर्ति का सिलसिला शुरू हो जाता है, जो देर शाम तक जारी रहता है। कम कीमत और आसानी से उपलब्ध होने के कारण मजदूरों के साथ युवा वर्ग भी इसकी गिरफ्त में आ रहा है। बढ़ती लत से कई परिवारों में आर्थिक संकट, घरेलू विवाद और सामाजिक अशांति की स्थिति पैदा हो रही है।
नशे के साथ हाथियों का भी बढ़ रहा खतरा
अवैध शराब की चुलाई के बाद बचने वाले महुआ के अवशेष और अन्य अपशिष्ट को भट्ठी संचालक आसपास खुले स्थानों पर फेंक देते हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि इन अवशेषों की गंध से हाथियों के झुंड गांव की ओर आकर्षित होते हैं। इसके बाद हाथी खेतों में लगी फसलों को नुकसान पहुंचाने के साथ घरों को भी क्षतिग्रस्त करते हैं। हाथियों के उग्र होने से ग्रामीणों की जान पर भी खतरा बना रहता है। इस प्रकार शराब का अवैध कारोबार मानव-हाथी संघर्ष की समस्या को भी गंभीर बना रहा है।
पुलिस और उत्पाद विभाग की निगरानी पर सवाल
ग्रामीणों व बुद्धिजीवियों का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार से कुछ लोग मोटी कमाई कर रहे हैं, जबकि इसकी कीमत युवा पीढ़ी और आम परिवारों को चुकानी पड़ रही है। शराब निर्माण से निकलने वाले गंदे पानी और अपशिष्ट से पर्यावरण प्रदूषण की समस्या भी बढ़ रही है।
ग्रामीणों ने गांव में संचालित अवैध भट्ठियों को तत्काल बंद कराने, कारोबार में शामिल लोगों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई करने तथा नियमित छापेमारी की मांग की है। सवाल उठ रहा है कि नशामुक्ति अभियान के दावों के बीच जुगीलोंग में कथित तौर पर चल रहे इस बड़े अवैध कारोबार पर पुलिस और मद्य निषेध व उत्पाद विभाग कब प्रभावी कार्रवाई करेंगे।

