घरेलू कामकाज में लड़कों की हिस्सेदारी से बाल विवाह तक: जमशेदपुर की ‘बाल संसद’ में छात्राओं ने तोड़ी रूढ़ियों की बेड़ियां

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर:शादी-पार्टी जैसे बड़े आयोजनों में जब लड़के बढ़िया खाना बना सकते हैं, तो फिर रोजमर्रा के घरेलू कामकाज को लड़कियों की जिम्मेदारी मानकर क्यों देखा जाता है? पूर्वी सिंहभूम के बिष्टुपुर स्थित नरभेराम हंसराज इंग्लिश स्कूल में आयोजित ‘बाल संसद’ के दौरान यह सवाल सिर्फ एक टिप्पणी नहीं था, बल्कि समाज की सदियों पुरानी रूढ़ियों को चुनौती देने का माध्यम बना। किशोरियों की सुरक्षा, अधिकारों और लैंगिक हिंसा की रोकथाम के उद्देश्य से ‘चुप्पी तोड़ो’ पहल के तहत आयोजित इस मंच पर छात्राओं ने बेबाकी से अपनी बात रखी।

घर से लेकर समाज तक बदलाव की मांग
​बाल संसद में छात्राओं ने खुलकर उन मुद्दों को उठाया जिन पर अक्सर घरों में चर्चा तक नहीं होती। बाल विवाह, घरेलू हिंसा, पितृसत्तात्मक सोच और फैसले लेने की प्रक्रिया में लड़कियों की कम होती हिस्सेदारी जैसे विषयों पर छात्राओं ने अपने तर्क रखे। उनका स्पष्ट संदेश था कि लड़कियों को केवल सहानुभूति या नियमों की जानकारी नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलने चाहिए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि अन्याय और उत्पीड़न के सामने चुप रहना समस्या को बढ़ावा देता है। उन्होंने अपील की कि पीड़ितों का साथ दिया जाए, दोषियों को बेनकाब किया जाए और ऐसे व्यवहार का सामाजिक बहिष्कार हो। उपायुक्त के अनुसार, लड़कियों में किसी भी कार्य को लगन और बारीकी से पूरा करने की क्षमता होती है, बस जरूरत उन्हें सही माहौल और प्रोत्साहन देने की है। उन्होंने छात्राओं को अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने और जरूरत पड़ने पर प्रशासन व संबंधित संस्थाओं की मदद लेने के लिए भी प्रेरित किया।

प्रतियोगिता के परिणाम: इन चेहरों और स्कूलों ने पाया स्थान
​बाल संसद के तहत आयोजित विभिन्न गतिविधियों और प्रस्तुतियों के आधार पर व्यक्तिगत तथा विद्यालय वर्ग के विजेताओं की घोषणा की गई। व्यक्तिगत श्रेणी में केजीबीवी, जमशेदपुर की काजल महतो ने प्रथम, केजीबीवी, पोटका की माया मुर्मू ने द्वितीय और जेबीएवी, गुड़ाबांदा की रानी महतो ने तृतीय स्थान हासिल किया।
​वहीं, विद्यालय श्रेणी में केजीबीवी, धालभूमगढ़ ने पहला, केजीबीवी, डुमरिया ने दूसरा और केजीबीवी, घाटशिला ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

सुरक्षित माहौल सबकी साझा जिम्मेदारी
​इस मौके पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सह एडीएसएस शत्रुजय कुमार ने कहा कि किशोरियों को सुरक्षित और भेदभावमुक्त माहौल देना किसी एक विभाग या प्रशासन का काम नहीं है, बल्कि इसमें परिवार, स्कूल और समाज की बराबर भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि ऐसे संवाद मंच छात्राओं में आत्मविश्वास और नेतृत्व की भावना को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम में सभी सीडीपीओ, एनजीओ प्रतिनिधि, छात्राएं और जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मी मौजूद रहे।

Share This Article