ओडिशा से आए 45 हाथियों ने मचाया तांडव, छह गांवों में दहशत; घर तोड़े, फसलें रौंदी और ग्रामीण कर रहे रतजगा

Reena Sharma
3 Min Read

आनंदपुर। ओडिशा से पहुंचे 45 हाथियों के झुंड ने बिंजु पंचायत के ग्रामीणों की नींद उड़ा दी है। शनिवार की रात हाथियों का झुंड मेरालिकीर गांव में दो घरों को तोड़कर अनाज खा गया। एक घर को हाथियों ने पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। ग्रामीणों की सतर्कता के कारण घरवालों की जान बच पाई। इसके अलावा हाथियों ने लोरपोंडा और मेरालिकीर गांव में फसल को भी नुकसान पहुंचाया है।

पहले भी कई गांवों में फसलों को पहुंचा चुके हैं नुकसान

इससे पहले हाथियों ने रुंघी और बिंजु गांव में फसलों को काफी क्षति पहुंचाई थी। हाथियों द्वारा इस तरह नुकसान पहुंचाने से ग्रामीणों की साल भर की मेहनत पर पानी फिर रहा है। चार दिन बीत जाने के बावजूद हाथियों को खदेड़ने की कोई रणनीति नहीं बनने से वन विभाग के प्रति ग्रामीणों की नाराजगी बढ़ती जा रही है।

सारंडा और ओडिशा से आने-जाने का मुख्य कॉरिडोर

बिंजु पंचायत का रुंघी गांव ओडिशा से सटा हुआ है। वन अधिकारियों के अनुसार सारंडा व ओडिशा से पोड़ाहाट वन प्रमंडल आने के लिए हाथियों का यह मुख्य रास्ता (कॉरिडोर) है। बिंजु, रुंघी, मेरालिकीर, लोरपोंडा, टुंगरीटोला और ढोढरोबारू के जंगलों में रहते हुए हाथी इन क्षेत्रों में उत्पात मचाते हैं। फसल नुकसान के अलावा इन क्षेत्रों में कई बार इंसानी जान को भी क्षति पहुंची है।

चार बच्चों के साथ पहुंचे हाथियों के झुंड को खदेड़ना मुश्किल

ग्रामीणों और वन विभाग की सहायता से कई बार हाथियों को घने जंगल में खदेड़ा गया है। इस बार हाथियों की संख्या ज्यादा रहने और झुंड में चार बच्चे होने के कारण उन्हें खदेड़ने में काफी मुश्किल हो रही है। इतनी बड़ी संख्या में पहुंचे हाथियों से होने वाले नुकसान से बचने के लिए ग्रामीणों के पास भी कोई उपाय नहीं है।

छह गांवों के ग्रामीणों की रातों की नींद उड़ी

हाथियों के आतंक से त्रस्त छह गांवों के अलावा आसपास के गांवों के लोग भी रतजगा कर रहे हैं। घरों और फसलों को लगातार हो रहे नुकसान से ग्रामीणों में भय और चिंता का माहौल है।

Share This Article