खूंटी में हादसे के बाद बवाल: युवक की मौत से भड़के ग्रामीणों ने पुलिस वाहन पर किया हमला

Reena Sharma
2 Min Read

खूंटी जिले के रनिया प्रखंड के सोदे गांव में ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार यशवंत महतो की मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। यशवंत को कुचलकर भाग रहे ट्रक को ग्रामीणों ने बानो थाना क्षेत्र के लताकेल गांव के पास पकड़ लिया। सूचना मिलने पर रनिया थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची। बानो पुलिस के सहयोग से ट्रक को जब्त कर बानो थाना ले जाया गया और उसे बानो पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

हादसे के बाद पुलिस और ग्रामीणों के बीच टकराव

ट्रक जब्त कर लौट रही रनिया पुलिस की गाड़ी को दुर्घटनास्थल पर मौजूद आक्रोशित ग्रामीणों ने घेर लिया और हमला कर दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने पुलिस पदाधिकारियों और जवानों के साथ धक्का-मुक्की भी की। अचानक हुए हंगामे के कारण पुलिसकर्मियों को वाहन छोड़कर वहां से निकलना पड़ा।

उग्र भीड़ के हमले से पुलिस वाहन को नुकसान

घटना के दौरान पुलिस वाहन के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने किसी तरह वहां से निकलकर अपनी सुरक्षा की।

तनावपूर्ण माहौल के बीच मौके पर पहुंचा पुलिस बल

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा। पुलिस की ओर से पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है।

चार थानों की पुलिस ने संभाला मोर्चा

खबर लिखे जाने तक पुलिस की ओर से घटना को लेकर आधिकारिक रूप से कोई जानकारी नहीं दी गई थी। घटनास्थल पर तोरपा, जरियागढ़, रनिया और बानो थाना की पुलिस तैनात है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Share This Article