डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: साल के अंत में बढ़ते सफर और कामकाज के सिलसिले में दूसरे शहरों की ओर लौटने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए दक्षिण पूर्व रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है। ट्रेनों में सीट को लेकर चल रही मारामारी को खत्म करने और वेटिंग लिस्ट को कम करने के उद्देश्य से रेलवे ने 7 प्रमुख ट्रेनों में अस्थायी रूप से अतिरिक्त कोच जोड़ने का निर्णय लिया है।
चक्रधरपुर, रांची और खड़गपुर रेल मंडल से होकर गुजरने वाली इन ट्रेनों में स्लीपर और थर्ड एसी के नए डिब्बे लगने से सैकड़ों यात्रियों को कन्फर्म बर्थ मिल सकेगी। रेलवे की यह विशेष व्यवस्था आज यानी 26 नवंबर से शुरू होकर 02 दिसंबर तक प्रभावी रहेगी।
कन्फर्म टिकट की राह होगी आसान
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, मौसम में बदलाव और छुट्टियों के बाद वापसी करने वाले मुसाफिरों की संख्या में अचानक इजाफा हुआ है। इसी दबाव को कम करने के लिए लंबी दूरी की एक्सप्रेस ट्रेनों में अतिरिक्त बर्थ की व्यवस्था की गई है, ताकि लोगों को बिना किसी परेशानी के आरामदायक सफर मिल सके।
किस ट्रेन में कब मिलेगा अतिरिक्त कोच का लाभ
18030 शालीमार–एलटीटी (कुर्ला) एक्सप्रेस: मुंबई की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए 26 नवंबर से 02 दिसंबर तक रोजाना एक अतिरिक्त थर्ड एसी कोच जोड़ा जाएगा।
12837 हावड़ा–पुरी सुपरफास्ट एक्सप्रेस: पुरी जाने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए 26 नवंबर से 02 दिसंबर तक प्रतिदिन एक अतिरिक्त स्लीपर कोच उपलब्ध रहेगा।
18045 शालीमार–चार्लापल्ली ईस्ट कोस्ट एक्सप्रेस: दक्षिण भारत की ओर यात्रा करने वालों को राहत देते हुए 26 नवंबर से 02 दिसंबर तक हर दिन एक अतिरिक्त थर्ड एसी कोच लगाया जाएगा।
18611 रांची–बनारस एक्सप्रेस: वाराणसी जाने वाले मुसाफिरों के लिए 27, 28 नवंबर और 01 दिसंबर को इस ट्रेन में एक अतिरिक्त स्लीपर बोगी जोड़ी जाएगी।
18107 राउरकेला–जगदलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस: इस रूट पर सफर करने वालों को 27 और 29 नवंबर को एक अतिरिक्त स्लीपर कोच की सुविधा मिलेगी।
18641 हटिया–दुर्ग एक्सप्रेस: छत्तीसगढ़ की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए 26 नवंबर और 01 दिसंबर को एक अतिरिक्त स्लीपर डिब्बा लगाया जाएगा।
18039 शालीमार–पुरी एक्सप्रेस: इस ट्रेन में 29 नवंबर को सफर करने वाले यात्रियों के लिए एक अतिरिक्त स्लीपर कोच की व्यवस्था की गई है।

