मिस्र की राजधानी काहिरा में बुधवार (25 नवंबर) शाम एक भीषण सड़क हादसे ने भारी तबाही मचा दी। रिंग रोड पर पेट्रोल से भरा एक टैंकर पलटने के बाद लगी आग में 31 लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। मिस्र के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, हादसा पुराने शहर के उत्तर में स्थित गीजा के अल-वर्राक इलाके में एक सुरंग के ऊपर हुआ।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में रात के अंधेरे में आसमान तक उठती आग की लपटें और काले धुएं का गुबार दिखाई दे रहा है। शुरुआती आकलन के अनुसार, कार, मिनीबस और मोटरसाइकिल समेत 27 वाहन पूरी तरह जलकर राख हो गए। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
कैसे हुआ इतना भयानक हादसा?
यह हादसा काहिरा के उत्तर में स्थित गीजा के अल-वर्राक इलाके में रिंग रोड के एक हिस्से पर हुआ। यह सड़क ग्रेटर काहिरा के कई प्रमुख हाईवे को जोड़ती है और इसके जरिए काहिरा, गीजा और कल्यूबिया जैसे इलाकों के बीच आवाजाही होती है। बुधवार शाम पेट्रोलियम उत्पादों से भरा एक टैंकर यहां से गुजर रहा था, तभी वह अनियंत्रित होकर पलट गया।
सरकारी अखबार अल-अहराम ने जांच से जुड़े सूत्रों के हवाले से बताया कि टैंकर के सामने हाई-वोल्टेज बिजली का तार गिर गया था। इससे चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। टैंकर डिवाइडर पार करते हुए पलट गया और उसमें आग लग गई, जो देखते ही देखते आसपास चल रहे वाहनों तक फैल गई। हालांकि, हादसे की पूरी वजह को लेकर अधिकारियों की अंतिम रिपोर्ट अभी सामने नहीं आई है।
आग की चपेट में आए 27 वाहन, अंदर फंसे रह गए लोग
मिस्र के सरकारी मीडिया के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली कि कई वाहन इसकी चपेट में आ गए। शुरुआती आकलन में 27 गाड़ियों के जलने की बात सामने आई है। इनमें कारों, मिनीबस और मोटरसाइकिलों समेत अन्य वाहन शामिल हैं।
घटनास्थल की तस्वीरों और वीडियो में जली हुई गाड़ियां और सड़क पर बिखरा मलबा दिखाई दिया। मौके पर मौजूद अली यूसुफ ने बताया कि कुछ गाड़ियों में लोग अंदर ही फंस गए थे।
आग इतनी तेजी से फैली कि उन्हें बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में आसमान तक उठती आग की लपटें और काले धुएं का विशाल गुबार नजर आया। आग बुझने के बाद भी हाईवे पर लोगों की भारी भीड़ जमा रही।
39 एंबुलेंस के साथ पहुंची राहत और बचाव टीमें
हादसे की सूचना मिलते ही राहत और बचाव टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं। मिस्र के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि बचाव अभियान में 39 एंबुलेंस लगाई गईं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया। स्वास्थ्य मंत्री ने भी अस्पताल पहुंचकर घायलों के इलाज का जायजा लिया। हादसे में कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि कुछ को धुएं के कारण सांस लेने में परेशानी हुई। अस्पतालों में घायलों का इलाज जारी है।
मलबा हटाने के बाद दोबारा खोला गया हाईवे
आग पर काबू पाने के बाद दमकल और अन्य आपातकालीन टीमों ने सड़क से जले हुए वाहनों को हटाने का काम शुरू किया। बुलडोजर की मदद से क्षतिग्रस्त गाड़ियों और मलबे को सड़क के किनारे किया गया। सरकारी प्रसारक एनएमए के मुताबिक, सफाई और राहत अभियान पूरा होने के बाद हाईवे को दोबारा यातायात के लिए खोल दिया गया।

