डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: खेती-किसानी को घाटे का सौदा मानने की सोच को बदलने और किसानों की आय को दोगुना करने की दिशा में पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने एक बड़ा कदम उठाया है। अब जिले के किसान भी देश के शीर्ष कृषि वैज्ञानिकों से आधुनिक खेती और हाईटेक मशीनों के इस्तेमाल का गुर सीखेंगे। इसी कड़ी में शुक्रवार को जिले के 25 प्रगतिशील किसानों का एक विशेष दल मध्य प्रदेश के भोपाल स्थित केंद्रीय कृषि अभियांत्रिकी संस्थान के लिए रवाना हुआ। उपायुक्त राजीव रंजन और धालभूम के अनुमंडल पदाधिकारी ने समाहरणालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर किसानों की बस को विदा किया। यह दल पहले रांची जाएगा और वहां से ट्रेन के जरिए भोपाल के लिए प्रस्थान करेगा।
तकनीक से बदलेगी किसानों की तकदीर: उपायुक्त
किसानों का उत्साहवर्धन करते हुए उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि बदलते समय के साथ खेती के तौर-तरीकों में बदलाव बेहद जरूरी है। पारंपरिक तरीकों के साथ-साथ जब किसान आधुनिक कृषि यंत्रों और नई तकनीकों को अपनाएंगे, तभी खेती अधिक मुनाफे का व्यवसाय बन सकेगी।
बैरकपुर से लौटे किसानों का जाना अनुभव
इस मौके पर उपायुक्त ने पिछले दिनों अंतर्राज्यीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत पश्चिम बंगाल के बैरकपुर से लौटे किसानों से भी सीधा संवाद किया। उन्होंने किसानों से वहां सीखी गई नई तकनीकों और उनके जमीनी अनुभवों के बारे में फीडबैक लिया, ताकि अन्य किसानों को भी इसका लाभ मिल सके।
भोपाल में क्या-क्या सीखेंगे किसान?
कृषि प्रसार व कृषोन्नति योजना-2026 के तहत आत्मा द्वारा प्रायोजित इस शैक्षणिक भ्रमण को लेकर जिला कृषि पदाधिकारी-सह-परियोजना निदेशक एम. राम कुमार ने विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस दौरे से किसानों की तकनीकी समझ विकसित होगी। भोपाल में संस्थान के वैज्ञानिक और विशेषज्ञ किसानों को निम्नलिखित विषयों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण देंगे। खेती में आधुनिक मशीनों और कृषि यंत्रों का सही उपयोग। पराली व फसल अवशेष प्रबंधन के वैज्ञानिक तरीके। कृषि उत्पादों का प्रसंस्करण और वैल्यू एडिशन। कृषि क्षेत्र में हो रहे नवीनतम तकनीकी नवाचार। कार्यक्रम के दौरान ‘आत्मा’ की उप परियोजना निदेशक गीता कुमारी सहित कृषि विभाग के कई अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

